देश

Awanish Awasthi: अवनीश अवस्थी बने सीएम योगी के सलाहकार, पिछले महीने ACS के पद से हुए थे रिटायर

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए अवनीश कुमार अवस्थी को मुख्यमंत्री योगी का सलाहकार नियुक्त किया गया है। अवनीश अवस्थी फरवरी 23 तक इस पद पर बने रहेंगे

Awanish Awasthi: अवनीश अवस्थी बने सीएम योगी के सलाहकार, पिछले महीने ACS के पद से हुए थे रिटायर
अवनीश अवस्थी व सीएम योगी (Photo Credits ANI)

लखनऊ: भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए अवनीश कुमार अवस्थी (Awanish Kumar Awasthi) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) का सलाहकार (Advisor) नियुक्त किया गया है. अवनीश अवस्थी फरवरी 23 तक इस पद पर बने रहेंगे. नियुक्ति विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है.  विस्तार पाने की तमाम चचार्ओं के बीच 31 अगस्त को अवनीश अवस्थी सेवानिवृत्त हो गए थे.

अवनीश अवस्थी के पास गृह के अलावा गोपन, वीजा-पासपोर्ट, जेल प्रशासन एवं सुधार, सतर्कता विभाग, धर्मार्थ कार्य विभाग की जिम्मेदारी थी. वह यूपीडा व उप्र. स्टेट हाईवेज अथॉरिटी (उपशा) के सीईओ और डीजी जेल भी थे. ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त चार्ज भी उनके पास था. यह भी पढ़े: Hathras Gangrape Case: यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी और DGP हितेश चंद्र अवस्थी पहुंचे हाथरस, पीड़ित परिवार से की मुलाकात

यूपी काडर के 1987 बैच के आइएएस अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो गए थे। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में माने जाते रहे हैं, इसलिए उनकी सेवानिवृत्ति के पहले से ही सेवा विस्तार मिलने की अटकलें शुरू हो गई थीं. प्रदेश सरकार की ओर से सेवा विस्तार का प्रस्ताव भी भेजा गया, जिसे केंद्र से स्वीकृति नहीं मिली. उनके अनुभव और कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें अब मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है.

2017 में जब योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने तब अवनीश अवस्थी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य उन्हीं के सीईओ रहते हुए.

ज्ञात हो कि अवनीश अवस्थी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काफी भरोसेमंद और सबसे पावरफुल ब्यूरोक्रेट रहे हैं। अवस्थी 1984 के बाद सबसे लंबे समय तीन वर्ष एक माह तक गृह विभाग का मुखिया रहने का रिकॉर्ड बना गए। उनका कार्यकाल एक अगस्त, 2019 से 31 अगस्त, 2022 तक रहा। इससे पहले आरसी टकरू का कार्यकाल नवंबर 1980 से मार्च 1984 तक का था।

उल्लेखनीय है कि मृत्युंजय कुमार पहले से ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार हैं। अब अवनीश कुमार अवस्थी को भी मुख्यमंत्री का सलाहकार बनाया गया है। वह मुख्यमंत्री को प्रशासनिक कार्यों में सलाह देंगे। हाल ही में उन्होंने मथुरा में धर्मार्थ कार्य विभाग की एक बैठक में हिस्सा लिया भी था। इसके बाद से ही उनकी नई भूमिका को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं।

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 16, 2022 09:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).