Tokyo Olympics 2020: योगी सरकार ने खिलाड़ियों को दिया बड़ा तोहफा, खेल कोटे से मिलेगी नौकरी
खेल कोटे के तहत विभिन्न विभागों में पद निर्धारित हैं, लेकिन पिछली सरकारों की खेल और युवाओं के प्रति उपेक्षात्मक नीतियों के कारण इन पदों पर योग्य खिलाड़ियों की नियुक्ति नहीं की गई. इससे प्रदेश के खिलाड़ी/एथलीटों में निराशा है. अब जबकि खेल को लेकर प्रदेश में एक सकारात्मक माहौल बना है.
लखनऊ: जापान (Japan) के टोक्यो (Tokyo) में शुक्रवार को ओलंपिक खेलों (Olympic Games) से शुरूआत होने से पहले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा दिया है. राज्य के सभी शासकीय विभागों में अब खिलाड़ियों के लिए पद आरक्षित होंगे. इन पदों पर योग्यतानुसार खिलाड़ियों की नियुक्ति होगी. शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए सभी जरूरी प्रयास कर रही है. Tokyo Olympics 2020: जानें भारत का पूरा शेड्यूल, इवेंट टाइम, साथ में और भी बहुत कुछ
खेल कोटे के तहत विभिन्न विभागों में पद निर्धारित हैं, लेकिन पिछली सरकारों की खेल और युवाओं के प्रति उपेक्षात्मक नीतियों के कारण इन पदों पर योग्य खिलाड़ियों की नियुक्ति नहीं की गई. इससे प्रदेश के खिलाड़ी/एथलीटों में निराशा है. अब जबकि खेल को लेकर प्रदेश में एक सकारात्मक माहौल बना है. मेरठ में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना कराई जा रही है, तो गांव-गांव ओपन जिम और खेल मैदान बनाये जा रहे हैं. ऐसे में जरूरी है कि सभी विभागों में खेल कोटे के तहत नियुक्तियां की जाएं.
पुलिस विभाग का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस दुनिया की विशालतम सिविल पुलिस बल में से एक है. इसमें खेल कोटा के तहत प्रतिभावान खिलाड़ियों की सेवाएं लिया जाना उपयोगी होगा. पुलिस विभाग में खेल-कोटा सृजित कर योग्य खिलाड़ियों/एथलीटों को यथोचित पदों पर नियुक्ति होनी चाहिए.
इसी प्रकार, प्रदेश के अन्य सभी विभागों में खेल-कोटा के तहत रिक्त पदों पर यथाशीघ्र नियुक्तियां की जाएं. मुख्यमंत्री ने इस संबंध में नवीन नीति तैयार करने के निर्देश दिए हैं. सीएम के इस फैसले से खिलाड़ी वर्ग को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा.
मुख्यमंत्री योगी ने टोक्यो ओलम्पिक में प्रतिभाग कर रहे यूपी निवासी सभी 10 खिलाड़ियों/एथलीटों को स्पर्धा के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
बीते दिनों योगी ने सभी 10 खिलाड़ियों से संवाद भी किया था. प्रियंका गोस्वामी (एथेलेटिक्स), अन्नू रानी (एथेलेटिक्स), सीमा पुनिया (एथेलेटिक्स), वंदना कटारिया (हॉकी), सौरभ चौधरी (शूटिंग), मेराज अहमद खान (शूटिंग), अरविंद सिंह (रोइंग), सतीश कुमार (बॉक्सिंग) ललित कुमार उपाध्याय (हॉकी) और शिवपाल सिंह (एथेलेटिक्स) से वार्तालाप करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए खिलाड़ियों और एथलीटों से सुझाव देने का आह्वान किया था. मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि उत्तर प्रदेश में एशियन खेल, राष्ट्रमंडल खेल और ओलंपिक जैसी प्रतिस्पर्धाओं की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को जो भी सुविधाएं चाहिए वह दी जाएंगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 23, 2021 06:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

