देश

J&K: पहलगाम में आतंकी हमला, घुड़सवारी करते पर्यटकों पर गोलीबारी; एक की मौत

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन में आतंकी हमला हुआ है. आतंकियों ने घुड़सवारी कर रहे पर्यटकों को निशाना बनाया, जिनमें एक की जान चली गई. जानकारी के मुताबिक इस हमले में 12 लोग घायल हो गए हैं. दो की हालत गंभीर है.

J&K: पहलगाम में आतंकी हमला, घुड़सवारी करते पर्यटकों पर गोलीबारी; एक की मौत
Terror Attack in J&K's Pahalgam | X

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसरन में आतंकी हमला हुआ है. आतंकियों ने घुड़सवारी कर रहे पर्यटकों को निशाना बनाया, जिनमें एक की जान चली गई. जानकारी के मुताबिक इस हमले में 12 लोग घायल हो गए हैं. दो की हालत गंभीर है. इस हमले में न केवल इंसान बल्कि कुछ घोड़े भी घायल हुए हैं, जिनको गोलियां लगी हैं. आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. सीआरपीएफ (CRPF) की अतिरिक्त क्विक रिएक्शन टीम (QAT) घटनास्थल के लिए भेजा गया है.

पुलिस के मुताबिक, बैसारन घाटी में अचानक फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं. शुरुआती जानकारी में सामने आया कि आतंकियों ने एक ऐसी जगह को निशाना बनाया है, जहां आमतौर पर पर्यटक बड़ी संख्या में घूमने आते हैं. जैसे ही हमले की खबर सामने आई, सुरक्षा बलों की टीमें तुरंत मौके पर रवाना हुईं.

सेना का सर्च अभियान जारी

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि हमलावर कौन थे और उनका मकसद क्या था. घायल पर्यटकों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है. प्रशासन ने पर्यटकों से अफवाहों से बचने और आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है. सुरक्षा एजेंसियां घटना की गंभीरता से जांच कर रही हैं, और क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है.

तलाशी अभियान जारी

बैसारन एक ऐसा क्षेत्र है, जहां किसी भी वाहन से पहुंचना संभव नहीं है. यहां केवल पैदल चलकर या घोड़े की सवारी से ही पहुंचा जा सकता है, जिससे सुरक्षा बलों को पहुंचने में थोड़ी चुनौती भी झेलनी पड़ी. फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है.

आतंकियों के निशाने पर पर्यटक

यह पहली बार नहीं है जब आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर में गैर-स्थानीय लोगों को निशाना बनाया है. पिछले साल गंदेरबल जिले के गगनगीर इलाके में भी आतंकियों ने एक निर्माण स्थल पर हमला किया था, जिसमें एक डॉक्टर और छह मजदूरों की मौत हो गई थी. वे एक सुरंग के निर्माण कार्य में लगे हुए थे.

 

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 22, 2025 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).