Telangana ATM Robbery: तेलंगाना में चोरी का अजीबोगरीब मामला, नाइटी पहनकर एंबुलेंस से आए बदमाश, SBI का ATM काटकर लाखों रुपये ले उड़े; VIDEO

तेलंगाना के कामारेड्डी जिले के गंधारी में एक अनोखी और सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है. नाइटी पहने हुए कुछ बदमाश एंबुलेंस से एसबीआई के एटीएम पहुंचे और मशीन तोड़कर नकदी लूटकर फरार हो गए. घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Telangana ATM Robbery:  त्योहारों और सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपराधियों के नए-नए तरीके हैरान करने वाले हैं. तेलंगाना के कामारेड्डी जिले के गंधारी इलाके से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बदमाशों ने चोरी के लिए जो तरीका अपनाया उसने सबको चौंका दिया. जिले के गंधारी मंडल मुख्यालय पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम को निशाना बनाते हुए कुछ अज्ञात बदमाश नाइटी (Nighty) पहनकर पहुंचे और एंबुलेंस से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.

इस दुस्साहसिक घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.  यह भी पढ़े:   Deoghar ATM Theft: झारखंड के देवघर में चोरों का दुस्साहस, ATM का शटर तोड़ कार से बांधकर पूरी मशीन उखाड़ ले गए; VIDEO वायरल

तेलंगाना में चोरी का अजीबोगरीब मामला

एंबुलेंस का इस्तेमाल और अजीब वेशभूषा

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 अक्टूबर की रात करीब 1:00 बजे से 1:30 बजे के बीच की है. कामारेड्डी-बांसवाड़ा मुख्य सड़क पर स्थित एसबीआई के एटीएम पर अचानक एक एंबुलेंस आकर रुकी.

उस वाहन से उतरे बदमाशों ने पहचान छिपाने और पुलिस को चकमा देने के लिए महिलाओं वाले कपड़े यानी 'नाइटी' पहन रखी थी और चेहरे ढके हुए थे. बदमाशों ने कटर या अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से एटीएम मशीन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और अंदर रखी नकदी समेटकर उसी एंबुलेंस से मौके से फरार हो गए.

पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम जारी

सुबह स्थानीय लोगों ने एटीएम का शटर खुला और मशीन टूटी हुई देखी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही गंधारी थाने की पुलिस और फोरेंसिक क्लूज टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एटीएम से कुल कितनी नकदी चोरी हुई है, इसका आधिकारिक आकलन अभी बैंक के ऑडिट और ट्रांजेक्शन डेटा की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. फिलहाल, आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि एंबुलेंस के रूट और आरोपियों की पहचान की जा सके.

Share Now