Surat Shocking Case: 'गुड टच, बैड टच' सत्र में सामने आई सूरत की दर्दनाक सच्चाई, 56 वर्षीय ठेकेदार ने दो नाबालिग बहनों को बनाया हवस का शिकार

महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के एक आश्रम स्कूल में आयोजित 'गुड टच, बैड टच' जागरूकता सत्र के दौरान दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म का मामला उजागर हुआ. इसके बाद सूरत की उधना पुलिस ने आरोपी लेबर ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है.

Surat Shocking Case: महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में स्थित एक आश्रम शाला में आयोजित 'गुड टच, बैड टच' जागरूकता सत्र के दौरान दो नाबालिग बहनों के साथ हुए यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. 11 वर्षीय छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए सत्र के दौरान महिला अधिकारी को अपने साथ हुई आपबीती सुनाई. इसके आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए गुजरात की उधना पुलिस (सूरत) ने आरोपी 56 वर्षीय निर्माण ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है.

सत्र के दौरान ऐसे हुआ खुलासा

25 अगस्त को स्कूल परिसर में छात्रों के लिए 'गुड टच, बैड टच' पर एक समूह जागरूकता सत्र आयोजित किया गया था. इसी दौरान 11 साल की छोटी बहन ने महिला अधिकारी के पास जाकर बताया कि पिरिया वालवी नाम के व्यक्ति ने उसके साथ गलत काम किया है. उसने पेट में दर्द की शिकायत भी दर्ज कराई.  यह भी पढ़े:  Pune Gangrape: नौकरी का झांसा देकर पुणे के होटल में 22 वर्षीय युवती से गैंगरेप, 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

छात्रा ने स्कूल अधिकारियों को यह भी बताया कि आरोपी ने उसकी 14 वर्षीय बड़ी बहन को भी अपनी हवस का शिकार बनाया था. इसके बाद स्कूल प्रशासन ने तत्काल दोनों बच्चियों की मां से संपर्क किया.

सूरत में छुट्टियों के दौरान घटी घटना

पुलिस जांच के अनुसार पीड़ित बहनों की 39 वर्षीय मां सूरत के उधना इलाके में निर्माण मजदूरी का काम करती है. मई के महीने में स्कूल की गर्मियों की छुट्टियों के दौरान दोनों बहनें अपनी मां के पास रहने के लिए सूरत आई थीं.

मां के काम पर जाने के बाद आरोपी पिरिया वालवी उनके घर पहुंचा और अलग-अलग दिनों में दोनों बहनों से दुष्कर्म किया. आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी. छुट्टियां खत्म होने के बाद दोनों बहनें नंदुरबार स्थित अपने आश्रम स्कूल लौट आई थीं.

जीरो एफआईआर के आधार पर कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलने के बाद नंदुरबार पुलिस ने तुरंत जीरो एफआईआर (Zero FIR) दर्ज की और मामला संबंधित क्षेत्राधिकार वाली सूरत की उधना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया.

उधना पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिरिया वालवी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

मेडिकल जांच और आरोपी की पृष्ठभूमि

उधना पुलिस ने दोनों पीड़ित नाबालिगों का मेडिकल परीक्षण कराया है और रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. आरोपी पिरिया वालवी मूल रूप से नंदुरबार का रहने वाला है और वर्तमान में उधना में अपने परिवार के साथ रहता है. वह शादीशुदा है और उसके दो बेटे हैं. आरोपी ने पीड़ित बहनों की मां को कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी के काम पर रखा था.

Share Now