देश

आज भी चार राज्यों में कहर बरपा सकता है आंधी-तूफान, केरल में भारी बारिश की चेतावनी

आंधी तूफान के बाद कई क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई, क्योंकि कई पेड़ उखड़ गए और इससे बिजली के तार टूट गए. प्रभावित राज्यों में गत दो दिनों में बिजली के कम से कम 12000 खंभे गिर गए और 2500 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए.

आज भी चार राज्यों में कहर बरपा सकता है आंधी-तूफान, केरल में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम के कहर ने लोगों का जीना बेहाल कर रखा है (Photo Credit: PTI)

नई दिल्ली: देश के कई राज्‍यों में तबाही मचा देने वाले आंधी-तूफान का खतरा अब भी बना हुआ है. गृह मंत्रालय की ओर से जारी अलर्ट में कहा गया है क‍ि चार राज्‍यों में फि‍र से आंधी तूफान आ सकता है. इसके लिए मंत्रालय ने नई चेतावनी जारी कर दी है. उत्तर और दक्षिण भारत में मौसम के कहर ने लोगों का जीना बेहाल कर रखा है. दूसरी तरफ मौसम विभाग के मुताबिक तमिलनाडु और केरल के अलग-अलग हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है.

गृह मंत्रालय ने कहा है कि पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और उत्तर प्रदेश में फिर से आंधी तूफान आ सकता है. सरकार के अांकड़ों के अनुसार, पिछले दो दिनों के दौरान पांच राज्यों में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने से 124 व्यक्तियों की मौत हो गई है. जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए हैं.

ज्ञात हो कि सबसे अधिक 73 लोगों की मौत उत्तर प्रदेश में हुई जबकि 91 अन्य घायल हो गए. इसके साथ ही राजस्थान में कुल 35 लोगों की मौत हुई और 206 घायल हुए है.

-आंधी के चलते बत्ती गुल

बता दे कि आंधी तूफान के बाद कई क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई, क्योंकि कई पेड़ उखड़ गए और इससे बिजली के तार टूट गए. प्रभावित राज्यों में गत दो दिनों में बिजली के कम से कम 12000 खंभे गिर गए और 2500 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए.

-इन राज्‍यों के ल‍िए भी चेतावनी जारी

जानकारी के अनुसार तमिलनाडु और केरल में छिटपुट स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है, जबकि राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर धूल भरी आंधी और आंधी तूफान आ सकता है. इसके साथ ही उत्तराखंड, असम और मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उपरी हिमालयी पश्विम बंगाल और सिक्किम के छिटपुट स्थानों पर आंधी तूफान आ सकता है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2018 10:14 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).