स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी ने की जनसंख्या नियंत्रण की पहल, शिवसेना ने किया स्वागत
जनसंख्या विस्फोट को रोकने के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छोटे परिवार की वकालत करने के एक दिन बाद भाजपा की सहयोगी शिवसेना ने शुक्रवार को इस टिप्पणी का स्वागत करते हुए कहा कि दिवंगत बाल ठाकरे ने हमेशा इसकी वकालत की थी
मुंबई: जनसंख्या विस्फोट को रोकने के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) द्वारा छोटे परिवार की वकालत करने के एक दिन बाद भाजपा की सहयोगी शिवसेना (Shivsena) ने शुक्रवार को इस टिप्पणी का स्वागत करते हुए कहा कि दिवंगत बाल ठाकरे ने हमेशा इसकी वकालत की थी. स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाषण में मोदी ने गुरुवार को “जनसंख्या विस्फोट” पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे कई परेशानियां होती हैं. उन्होंने कहा कि परिवार को छोटा रखना भी देशभक्ति का काम है. संवाददाताओं से यहां बात करते हुए शिवसेना सांसद और पार्टी प्रवक्ता संजय राउत ने कहा, “हम खुश हैं कि मोदी सरकार शिवसेना की नीतियों को आगे बढ़ा रही है.दिवंगत बाल ठाकरे ने हमेशा जनसंख्या नियंत्रण की जरूरत पर बल दिया.”
उन्होंने कहा, “मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार शिवसेना की नीतियों को अनुमोदित कर रही है. यह राष्ट्रीय हित में है.”राउत ने कहा कि तीन तलाक कानून समान नागरिक संहिता की दिशा में उठाया गया कदम है. यह भी पढ़े: पीएम मोदी ने लाल किले से देश के सामने रखा अपना विजन, पढ़ें उनके भाषण की 10 बड़ी बातें
वहां मौजूद शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा कि राष्ट्रीय हित के मुद्दों में धर्म को लाने की जरूरत नहीं है. उन्होंने अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले प्रावधानों को खत्म किये जाने के संदर्भ में कहा, “एक राज्य की केंद्र से अलग शक्तियां कैसे हो सकती हैं? मोदी सरकार ने इसे हटा दिया.”
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 16, 2019 05:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

