शाहजहां शेख को सात दिनों में गिरफ्तार किया जाएगा: टीएमसी प्रवक्ता
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के आरोपी पार्टी नेता शाहजहां शेख को सात दिन में गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
कोलकाता, 26 फरवरी: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के आरोपी पार्टी नेता शाहजहां शेख को सात दिन में गिरफ्तार कर लिया जाएगा. टीएमसी नेता का यह बयान कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा यह स्पष्ट किए जाने के तुरंत बाद आया है कि शाहजहां की गिरफ्तारी पर कोई रोक नहीं है.
घोष ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘शेख शाहजहां की गिरफ्तारी के बारे में अभिषेक बनर्जी की बात सही है. मामला अदालत के कानूनी पचड़े में फंसा हुआ था. विपक्ष इस मौके का फायदा उठाकर राजनीति कर रहा था. मामले को स्पष्ट करने और पुलिस को कार्रवाई की आज इजाजत देने के लिए उच्च न्यायालय को धन्यवाद. शाहजहां को सात दिनों के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.’’
टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने रविवार को दावा किया था कि कानूनी उलझनों और पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी पर रोक के कारण शाहजहां को गिरफ्तार नहीं किया जा सका.
अदालत ने निर्देश दिया कि शाहजहां, प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो, राज्य के गृह सचिव को महिलाओं के यौन उत्पीड़न और आदिवासियों की जमीन हड़पने के आरोपों पर स्वत: संज्ञान लेकर शुरू किये गए मामले में पक्षकार बनाया जाए.
कोलकाता से लगभग 100 किलोमीटर दूर, सुंदरबन की सीमा पर स्थित नदी तटीय संदेशखालि क्षेत्र में फरार शाहजहां और उसके समर्थकों के खिलाफ एक महीने से अधिक समय से विरोध प्रदर्शन किये जा रहे हैं.
गत पांच जनवरी को संदेशखालि में शेख के आवास पर छापेमारी के लिए गई ईडी टीम पर भीड़ द्वारा हमला किया गया था. शेख तब से फरार है. शाहजहां और उसके समर्थकों के खिलाफ जमीन पर कब्जा करने और यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर संदेशखालि में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 26, 2024 05:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

