उत्तर और मध्य भारत में झुलसा देने वाली गर्मी का कहर, IMD ने 25 अप्रैल तक जारी किया हीटवेव का अलर्ट
देशभर में गर्मी ने हाहाकार मचाया हुआ है. उत्तर भारत समेत मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान ने 45 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर लिया है. देश के अन्य हिस्से भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं.
Weather Forecast: देशभर में गर्मी ने हाहाकार मचाया हुआ है. उत्तर भारत समेत मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान ने 45 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर लिया है. देश के अन्य हिस्से भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं. भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने मौसम का ताजा अपडेट जारी किया है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू की स्थिति बरकरार रहने की चेतावनी दी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर और मध्य भारत के लिए 25 अप्रैल तक 'येलो अलर्ट' जारी किया है.
IMD ने दक्षिण उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और विदर्भ जैसे क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन राज्यों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है और अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी बनी रह सकती है. इसके साथ ही गुजरात, तमिलनाडु, मराठवाड़ा, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरम और उमस भरे मौसम की संभावना जताई गई है.
Heatwave Alert: अगर कोई तेज धूप में बेहोश हो जाए तो क्या करें? जानिए आसान स्टेप्स में.
उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी की चपेट में हैं और 25 अप्रैल तक राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है. मौसम विभाग द्वारा जारी येलो अलर्ट को हल्के में न लें. यह समय सतर्क रहने का है. गर्मी से निपटने के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं.
क्या है हीटवेव और इसका कारण?
लू यानी हीटवेव तब लगती है जब तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चला जाता है. मैदानी इलाकों में 40 डिग्री, तटीय क्षेत्रों में 37 डिग्री और पहाड़ी इलाकों में 30 डिग्री तापमान के साथ अगर यह बढ़ोतरी होती है, तो उसे लू माना जाता है.
देश के बाकी हिस्सों में क्या स्थिति है?
जब उत्तर भारत में गर्मी चरम पर है, वहीं उत्तर-पूर्वी राज्य जैसे असम, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा और मिजोरम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. केरल और माहे में भी छिटपुट बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में तेज हवाएं, बिजली गिरना और गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है. इसके अलावा, उत्तराखंड में आज के दिन आंधी, तेज हवाएं और ओले पड़ने की संभावना है. मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि पश्चिम ईरान के पास एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) बन रहा है, जिससे आने वाले दिनों में कुछ और बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
गर्मी से कैसे करें बचाव?
भीषण गर्मी में स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है, खासकर उन लोगों पर जो बाहर काम करते हैं या बुजुर्ग और बच्चे हैं. हीटवेव से ऐसे करें अपना बचाव.
- भरपूर पानी पिएं.
- बाहर निकलते समय सिर ढकें और हल्के कपड़े पहनें.
- दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर जाने से बचें.
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें.
- तेज धूप में फिजिकल एक्टिविटी न करें.
हमेशा याद रखें की हीट स्ट्रोक एक जानलेवा स्थिति है जिसमें गर्मी आपके शरीर की तापमान को नियंत्रित करने की क्षमता को खत्म कर देती है. इसकी वजह से चक्कर, बेहोशी, धुंधलापन, बोलने में दिक्कत और भ्रम जैसे कारण भी शामिल हैं. हीट स्ट्रोक के कारण रक्त प्रवाह कम हो जाता है और महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचता है. हीट स्ट्रोक के लक्षणों वाले किसी भी व्यक्ति को तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 22, 2025 04:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

