देश

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के घर चोरों ने लगाई सेंध, कैश और 5 लाख के जेवर लेकर फरार

बिहार के मधेपुरा में शुक्रवार की रात को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बीपी मंडल के घर से चोरों ने पांच लाख रुपये के आभूषण, 50 हजार रुपये की नकदी और अन्य मूल्यवान वस्तुएं चुरा ली.

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के घर चोरों ने लगाई सेंध, कैश और 5 लाख के जेवर लेकर फरार
प्रतीकात्मक तस्वीर (File Photo)

मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा में शुक्रवार की रात को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बीपी मंडल के घर से चोरों ने पांच लाख रुपये के आभूषण, 50 हजार रुपये की नकदी और अन्य मूल्यवान वस्तुएं चुरा ली. पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से चोरी किए गए 80 प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए गए हैं.

पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे मनिंदर कुमार मंडल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कराई है. मनिंदर मंडल ने बताया कि चोर शुक्रवार की रात आभूषणों और नकदी के अलावा लैपटॉप, मोबाइल, कपड़े, बर्तन जैसी वस्तुएं भी ले गए.

इस घटना के समय परिवार के सदस्य मधेपुरा जिले के अपने पैतृक गांव मुरहो गए हुए थे. यह घटना मधेपुरा के सदर पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित पूर्व मुख्यमंत्री बी पी मंडल के घर पर हुई. मंडल 1968 में 30 दिन की संक्षिप्त अवधि तक मुख्यमंत्री रहे थे. उन्होंने मंडल आयोग की अध्यक्षता की थी जिसने ओबीसी के लिए नौकरियों में आरक्षण की सिफारिश की थी. उनका 1982 में निधन हुआ था.

शनिवार की सुबह मौके का निरीक्षण करने वाले पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में एक उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए है. उन्होंने बताया कि मधेपुरा के तापरा टोला क्षेत्र से तीन चोरों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से चोरी के 80 प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए गए हैं. उन्होंने बताया कि पुलिस अन्य उन लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है जिनके नाम गिरफ्तार चोरों ने बताए है.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 16, 2018 10:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).