देश

उत्तर प्रदेश: लुटेरों ने कोटा जा रहीं महिला और उसकी बेटी को ट्रेन से फेंका नीचे, दोनों की मौत

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में लुटेरों ने दिल्ली से कोटा जा रही एक महिला और उसकी बेटी को लूट का विरोध करने पर ट्रेन से नीचे फेंक दिया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई. आरपीएफ के एक अधिकारी ने कहा कि बैग में मोबाइल फोन, नकदी, कोचिंग और हॉस्टल की फीस के चैक तथा अन्य कीमती सामान थे.

उत्तर प्रदेश: लुटेरों ने कोटा जा रहीं महिला और उसकी बेटी को ट्रेन से फेंका नीचे, दोनों की मौत
क्राइम सीन (Photo Credit- Pixabay)

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में लुटेरों ने दिल्ली से कोटा जा रही एक महिला और उसकी बेटी को लूट का विरोध करने पर ट्रेन से नीचे फेंक दिया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शनिवार को यह जानकारी दी.

आरपीएफ ने कहा कि घटना अजहाई रेलवे स्टेशन के निकट हुई जब दिल्ली के शाहदरा की निवासी मीना (55) अपनी बेटी मनीषा (21) और बेटे आकाश (23) के साथ निजामुद्दीन-तिरुवनंतपुरम सेन्ट्रल एसएफ एक्सप्रेस (22634) ट्रेन में सफर कर रही थीं. आरपीएफ के मुताबिक मनीषा को इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा के लिये कोचिंग संस्थान में दाखिला लेना था, जिसके लिये वे कोटा जा रहे थे.

यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश: बहराइच में नाव डूबने से 1 की हुई मौत अन्य 2 लापता, तलाश जारी

तड़के मीना ने लुटेरे को उनका बैग ले जाते हुए देखा. उन्होंने अपना बैग पकड़ रखा और शोरगुल की आवाज से उठी मनीषा ने भी बैग को छुड़ाने की कोशिश की. आरपीएफ ने कहा कि एक लुटेरा उन्हें खींचता हुआ स्लीपर कोच के गेट पर पहुंच गया और बैग छीनकर मां-बेटी को ट्रेन से धकेल दिया.

आरपीएफ के एक अधिकारी ने कहा कि बैग में मोबाइल फोन, नकदी, कोचिंग और हॉस्टल की फीस के चैक तथा अन्य कीमती सामान थे.

आरपीएफ ने बताया कि आकाश ने ट्रेन की चेन खींची लेकिन तबतक ट्रेन वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन पहुंच गयी. उसने मामले की जानकारी आरपीएफ को दी. आरपीएफ के एक अधिकारी ने कहा कि जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, एक एंबुलेंस को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया. उन्होंने कहा कि आपातकालीन मदद पहुंचने से पहले ही मां-बेटी की मौत हो चुकी थी.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 04, 2019 10:37 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).