Maharashtra Weather Update: मुंबई, ठाणे, पुणे, नासिक सहित इन जिलों में 8 मई तक बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
मुंबई और आसपास के जिलों में मंगलवार, 6 मई को आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई सहित ठाणे, रायगढ़, पालघर, पुणे और नासिक समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में 8 मई तक 'येलो अलर्ट' जारी किया है.
Maharashtra Weather Update: मुंबई और आसपास के जिलों में मंगलवार, 6 मई को आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई सहित ठाणे, रायगढ़, पालघर, पुणे और नासिक समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में 8 मई तक 'येलो अलर्ट' जारी किया है. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटा), आंधी-तूफान और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है.
मुंबई का मौसम
आईएमडी के अनुसार मुंबई में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तूफान और बिजली चमकने की आशंका बनी हुई है. आईएमडी के अनुसार, इन मौसमी बदलावों के चलते दिन का तापमान 1-2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 32-33 डिग्री के आसपास रहेगा. सोमवार को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. हालांकि उस दिन बादलों की मौजूदगी और उच्च आर्द्रता के बावजूद बारिश नहीं हुई थी. अनुमान है कि 8 मई तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहेगी, उसके बाद मौसम शुष्क हो जाएगा. यह भी पढ़े: Mumbai Rains Update: मुंबई में बारिश के बीच चिलचिलाती गर्मी से राहत, आंधी तूफ़ान से विमान सहित लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित
महाराष्ट्र के अन्य जिलों में भी बारिश का दौर
राज्य के अन्य हिस्सों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में बुधवार तक आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है.मध्य महाराष्ट्र के धुले, नंदुरबार, नासिक, जलगांव, पुणे, सतारा और सांगली जिलों में भी येलो अलर्ट लागू है. वहीं कोल्हापुर, सोलापुर और सांगली में गुरुवार को बारिश हो सकती है. मराठवाड़ा क्षेत्र के छत्रपति संभाजीनगर, बीड, जलना, नांदेड़ और लातूर में भी अगले दो दिनों तक बौछारें पड़ने की संभावना है.
विशेषज्ञ की राय
आईएमडी मुंबई की वरिष्ठ वैज्ञानिक सुषमा नायर के अनुसार, यह असामयिक प्री-मानसून बारिश पश्चिमी विक्षोभ और पश्चिमी-पूर्वी हवाओं के संयोग के कारण हो रही है, जो इस समय सामान्य माना जाता है। मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में पहले ही हल्की बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। उन्होंने नागरिकों को आंधी और बिजली की स्थिति में सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है. बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) भी मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2025 09:24 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

