Rahul Gandhi: 'मेरे खिलाफ 45 FIR हैं, लक्ष्य 100 का है', नई FIR पर बोले राहुल गांधी, हर केस को बताया अपना 'मेडल'; VIDEO
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च कर रहे विपक्षी नेताओं को जब पुलिस ने रोका, तो वे पास ही स्थित आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए थे
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का बड़ा बयान सामने आया है. राहुल गांधी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके खिलाफ पहले से 45 एफआईआर दर्ज हैं और उनका लक्ष्य 100 एफआईआर का है. उन्होंने कहा कि वह इन मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं और उनके खिलाफ दर्ज होने वाली हर एफआईआर उनके लिए एक "पदक" (मेडल) की तरह है.
जंतर-मंतर पर INDIA ब्लॉक का जोरदार प्रदर्शन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर विपक्षी दलों के इंडिया (INDIA) गठबंधन के सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोला. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मंगलवार को करीब 300 सांसद चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते थे, लेकिन पुलिस बल का इस्तेमाल कर उन्हें रोक दिया गया. यह भी पढ़े: ECI Row: देश में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, CJP ने दी 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन की चेतावनी
उन्होंने कहा कि विपक्ष देश की जनता के सामने यह बात मजबूती से रखेगा कि उनके लिए ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं. राहुल गांधी ने मांग दोहराई कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को अपने पद से तुरंत इस्तीफा देना चाहिए.
राहुल गांधी का बयान
आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश पर पुलिस की कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च कर रहे विपक्षी नेताओं को जब पुलिस ने रोका, तो वे पास ही स्थित आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए थे.
दिल्ली पुलिस ने धारा 163 लागू होने और बिना अनुमति प्रदर्शन करने का हवाला देते हुए आकाशवाणी भवन में जबरन प्रवेश के आरोप में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई विपक्षी नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि नई दिल्ली इलाके में किसी भी प्रकार के अनधिकृत प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी.
'लोकतंत्र बचाने की लड़ाई जारी रहेगी'
प्रशासनिक कार्रवाई और मामलों पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि कानूनी कार्यवाहियों से विपक्षी नेताओं का मनोबल नहीं गिरेगा. उन्होंने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया. राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष देश में लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई पूरी मजबूती के साथ जारी रखेगा.