देश

Pune Metro 3: पुणेवासियों के लिए खुशखबरी, हिंजवड़ी-शिवाजीनगर मेट्रो लाइन की सेवा जल्द होगी शुरू, PM मोदी के हाथों होगा उद्घाटन, तय हुई शुभारंभ की तारीख!

पुणेवासियों और लाखों आईटी पेशेवरों के लिए खुशखबरी है. हिंजवडी से शिवाजीनगर मेट्रो लाइन के पहले चरण का उद्घाटन सितंबर के पहले हफ्ते में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा.

Pune Metro 3: पुणेवासियों के लिए खुशखबरी, हिंजवड़ी-शिवाजीनगर मेट्रो लाइन की सेवा जल्द होगी शुरू, PM मोदी के हाथों होगा उद्घाटन, तय हुई शुभारंभ की तारीख!
(Photo Credits WC)

Pune Metro 3: पुणे शहर और हिंजवडी आईटी पार्क में रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. बहुप्रतीक्षित हिंजवडी से शिवाजीनगर मेट्रो लाइन का उद्घाटन सितंबर के पहले हफ्ते में आयोजित किया जाएगा. राज्य सरकार ने इस परियोजना के पहले चरण की शुरुआत के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस मेट्रो सेवा का औपचारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन माध्यम से करेंगे.

सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद हरी झंडी का इंतजार

मेट्रो रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CMRS) ने 23 जुलाई को ही इस रूट के पहले चरण पर यात्री सेवा शुरू करने की मंजूरी दे दी थी. यह मंजूरी माण स्टेशन से आर.के. लक्ष्मण संग्रहालय (बालेवाडी) स्टेशन तक के 12 स्टेशनों वाले खंड के लिए दी गई है.

सभी तकनीकी परीक्षणों और सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद मिली इस मंजूरी के तहत इस मार्ग पर मेट्रो ट्रेनें 80 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से चलाई जा सकेंगी. सीएमआरएस क्लीयरेंस मिलने के बाद पुणे महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (PMRDA) ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर उद्घाटन की तिथि तय करने का अनुरोध किया था.

दो चरणों में शुरू होगी पूरी मेट्रो लाइन

हिंजवडी से शिवाजीनगर मेट्रो कॉरिडोर को दो अलग-अलग चरणों में शुरू करने की योजना बनाई गई है.

  • पहला चरण: माण स्टेशन से बालेवाडी (आर.के. लक्ष्मण संग्रहालय) – 12 स्टेशन.

  • दूसरा चरण: बाणेर हाईस्ट्रीट से शिवाजीनगर.

वर्तमान में पहले चरण का काम पूरा हो चुका है और इसी खंड पर सबसे पहले यात्री सेवाएं शुरू की जा रही हैं.

पीएम मोदी के समय का किया जा रहा था इंतजार

सूत्रों के अनुसार, पुणे में अब तक के सभी मेट्रो चरणों का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों ही हुआ है. यही वजह थी कि मुख्यमंत्री कार्यालय ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को पत्र भेजकर उद्घाटन के लिए समय मांगा था. पीएमओ से समय मिलने में थोड़ा इंतजार करना पड़ा, जिसके कारण उद्घाटन कार्यक्रम में थोड़ा विलंब हुआ.

पीएमआरडीए के आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने बताया कि हिंजवडी-शिवाजीनगर मेट्रो सेवा को जल्द से जल्द जनता के लिए शुरू करना प्रशासन की प्राथमिकता है. सितंबर के पहले सप्ताह में यह सेवा आम जनता के लिए पूरी तरह चालू होने की प्रबल संभावना है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 25, 2026 12:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).