पीएम मोदी का राहुल गांधी को करारा जवाब, 'चौकीदार' हमेशा चौकन्ना रहेगा, चोरों को पकड़ता रहेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने बुधवार को कांग्रेस (Congress) पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि 'यह चौकीदार कभी नहीं सोएगा और चोरों को पकड़ता रहेगा
मुंबई: महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लोकसभा चुनाव अभियान को शुरू करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने बुधवार को कांग्रेस (Congress) पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि 'यह चौकीदार कभी नहीं सोएगा और चोरों को पकड़ता रहेगा.' मोदी ने एक रैली में आक्रामक रुख के साथ कहा, " चौकीदार को बहादुरी के साथ आगे बढ़ना चाहिए या नहीं? वह कभी नहीं सोता है. चाहे कितना ही अंधेरा क्यों न हो, वह चोरों को पकड़ने के लिए निकल पड़ता है. यह आपका आशीर्वाद है जो उसे ऐसा करने की शक्ति देता है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में वह अडिग रहेगा. वह उन्हें हर उस पैसे के लिए जवाबदेह बानएगा जो देश का है."
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में भारत प्रत्यर्पित हुए क्रिश्चियन मिशेल ने कई हैरान कर देने वाले खुलासे किए हैं और मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वह अन्य कंपनियों के लड़ाकू विमानों के लिए पैरवी भी कर रहा था. मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता से समर्थन देने की अपील करते हुए कहा, "अब हमें जांच करना है कि कांग्रेस इन सब में कैसे शामिल है. वे मेरे बारे में झूठ फैला रहे हैं और मुझे डराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह मोदी है और वह पूरी तरह से अलग मैटीरियल से बना है." इससे पहले उन्होंने कहा कि एक दिन पहले लोकसभा द्वारा सवर्ण जातियों के लिए पारित किया गया आरक्षण विधेयक एक 'ऐतिहासिक निर्णय' है और उन लोगों के मुंह पर एक तमाचा है, जो झूठ फैला रहे हैं और 'अल्पसंख्यक आरक्षण की राजनीति' कर रहे हैं. यह भी पढ़े: जयपुर: राहुल गांधी ने बोला पीएम मोदी पर हमला, कहा- जनता की अदालत से भाग गया छप्पन इंच की छाती वाला चौकीदार
मोदी ने कहा, "अल्पसंख्यक आरक्षण की राजनीति करने वाले लोगों के द्वारा झूठ फैलाया जा रहा था कि दलितों, आदिवासियों और पिछड़ी जातियों को मिलने वाले आरक्षण को हटाने की मांग की गई है, लेकिन हमने सुनिश्चित किया है कि इनमें से किसी को भी नुकसान ना हो और 10 प्रतिशत अतिरिक्त आरक्षण दिया जाए. यह बेबुनियाद बातें फैलाने वालों को उचित जवाब है." मोदी ने पिछली संयुक्त प्रगतिशील सरकार (सप्रंग) से तुलना करते हुए पिछले चार वर्षों में भाजपा सरकार की विभिन्न उपलब्धियों और विकास पहलों के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि 'सप्रंग कि रिमोट कंट्रोल वाली सरकार थी। इसीलिए इसके फैसले महज कागज पर ही रह गए.' यह भी पढ़े: प्रधानमंत्री मोदी ने साधा राहुल गांधी पर निशाना, कहा- समझ नहीं आता कांग्रेस ने सरकार चलाई है या मिशेल मामा का दरबार
मोदी ने बुधवार को सोलापुर पहुंचकर गरीबों के लिए एक 30,000 यूनिट आवासीय परियोजना की आधारशिला रखी और सोलापुर स्मार्ट सिटी के क्षेत्र आधारित विकास के तहत जलापूर्ति और स्वच्छता को बेहतर बनाने के लिए एक संयुक्त प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया. उन्होंने सोलापुर-तुलजापुर-उस्मानाबाद को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-52 के एक 58 किलोमीटर लंबे हिस्से का उद्घाटन किया और एक भूमिगत सीवरेज सिस्टम और तीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का अनावरण किया.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 09, 2019 07:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

