तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया आरोप, कहा- पश्चिम बंगाल में बिहार और उत्तर प्रदेश के मुस्टंडों को लाना चाहती है सरकार
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने विपक्षी बीजेपी पर उत्तरी 24 परगना जिले के हिंसाग्रस्त इलाके भटपारा में अशांति फैलाने के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश से मुस्टंडों को लाने का आरोप लगाया.
कोलकाता : पश्चिम बंगाल (West Bengal) में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (Congress) ने रविवार को मुख्य विपक्षी बीजेपी (BJP) पर उत्तरी 24 परगना जिले के हिंसाग्रस्त इलाके भटपारा में अशांति फैलाने के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश से मुस्टंडों को लाने का आरोप लगाया. कोलजात के महापौर व वरिष्ठ तृणमूल नेता फिरहाद हकीम ने बीजेपी पर 'राज्य में अशांति और सांप्रदायिक हिंसा आयात करने' का आरोप लगाया.
हकीम ने यहां संवाददाताओं से कहा, "बंगालियों को भटपारा से भागने के लिए विवश किया जा रहा है. बिहार और उत्तर प्रदेश से लाए गए बाहुबलियों ने इलाके पर कब्जा जमा रखा है. हम समूचे राज्य को भटपारा नहीं बनने देंगे." भटपारा बैरकपुर संसदीय क्षेत्र में पड़ता है. 23 मई को लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से यह इलाका तनावग्रस्त है.
यह भी पढ़ें : पश्चिम बंगाल में फिर हिंसा, बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच चली गोली, एक घायल
बीते गुरुवार को हुई ताजा हिंसा के दौरान पुलिस की गोलीबारी में यहां दो लोगों की मौत हो गई थी और अन्य चार लोग घायल हो गए थे. प्रशासन को प्रभावित इलाके में निषेधाज्ञा लागू करनी पड़ी थी. इस बीच, राज्य बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष ने भटपारा में शांति बहाली में नाकाम रहने को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाया.
उन्होंने बांकुड़ा के पत्रसायर में एक किशोर व दो अन्य लोगों के गोली लगने से घायल होने का जिक्र भी किया. इलाके में शनिवार को झड़प उस समय हुई, जब राज्य के मंत्री और वरिष्ठ पार्टी नेता शुभेंदु अधिकारी की रैली से लौट रहे तृणमूल कार्यकर्ताओं को देखते ही बीजेपी कार्यकर्ता 'जय श्रीराम' का नारा लगाने लगे.
घोष ने दावा किया, "तृणमूल या तो लड़ाई का सहारा ले रही है या दूसरों की हत्या कर रही है. पुलिस स्थानीय लोगों को परेशान करने में बदमाशों की मदद कर रही है. नतीजतन, वे भड़क रहे हैं और हिंसक हो रहे हैं. यही वजह है कि छोटी से छोटी घटना भी बेकाबू हो जाती है." उनके मुताबिक, जब पुलिस, आम आदमी और समूचा समाज असुरक्षित है, तब ऐसे में किसी के लिए भी सामान्य जीवन जीना दुश्वार हो जाएगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2019 08:21 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

