केजरीवाल विचार करें भाजपा के लिए दरवाजा किसने खोला: राहुल गांधी
राहुल ने कहा, "मैंने उनसे (केजरीवाल से) कहा कि हमें दिल्ली की सभी सातों सीट जीतनी चाहिए। मैंने उनसे कहा कि आप चार सीट पर लड़ें, तीन पर कांग्रेस लड़ेगी।
नई दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को विश्वास जताया कि राष्ट्रीय राजधानी की अगली सरकार उन्हीं की पार्टी की होगी। उन्होंने दिल्ली के मौजूदा मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस बात पर विचार करना चाहिए कि 2014 में कांग्रेस के बारे में किसने झूठ बोला और भाजपा के लिए दरवाजा खोल दिया। राहुल गांधी ने यह बातें दिल्ली के चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के सदर इलाके में एक चुनावी सभा में पार्टी प्रत्याशी जे.पी.अग्रवाल के लिए प्रचार के दौरान कहीं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं होने की वजह बताई।
राहुल ने कहा, "मैंने उनसे (केजरीवाल से) कहा कि हमें दिल्ली की सभी सातों सीट जीतनी चाहिए। मैंने उनसे कहा कि आप चार सीट पर लड़ें, तीन पर कांग्रेस लड़ेगी। पहले उन्होंने कहा, ओके। जैसे ही मैंने इसे मंजूरी दी, उन्होंने हरियाणा और पंजाब की बात उठा दी। यहीं से गठबंधन की बात टूट गई।" यह भी पढ़े-लोकसभा चुनाव 2019: कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना, कहा- गठबंधन पर अरविंद केजरीवाल ने की 'ओवर स्मार्ट' बनने की कोशिश
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "केजरीवाल को इस पर विचार करना चाहिए कि भाजपा के लिए दरवाजा किसने खोला (पार्टी को असर बढ़ाने का मौका किसने दिया), कांग्रेस के बारे में झूठ किसने बोला? यह अकेले भाजपा ने नहीं किया था।" उन्होंने लोगों से इस पर विचार करने को कहा कि कौन पार्टी पूरे देश में भाजपा को कड़ी चुनौती दे रही है।
उन्होंने कहा, "जहां कहीं भी मोदी गए, हमने, कांग्रेस ने, हर जगह उनका मुकाबला किया। हमने उन्हें कई राज्यों में हराया। अगर भारत में कोई पार्टी भाजपा को रोक सकती है तो वह कांग्रेस है। यह विचारधाराओं की लड़ाई है। मैं आपसे गारंटी के साथ कह रहा हूं कि कांग्रेस, भाजपा को हराएगी।"
दिल्ली की सातों संसदीय सीट पर 12 मई को वोट डाले जाएंगे। 2014 के आम चुनाव में इन सभी सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी।
(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2019 10:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

