पीएम मोदी ने की नवीन पटनायक सरकार की आलोचना, कहा- बीजेडी ने विकास लाने में नहीं किया सहयोग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने ओडिशा में तीव्र विकास लाने में केंद्र का ‘‘सहयोग नहीं’’ करने को लेकर नवीन पटनायक सरकार की मंगलवार को आलोचना की और कहा कि उन्होंने उड़िया लोगों के कल्याण के लिए केंद्रीय योजनाओं का सहारा लिया....
भवानीपटना/ओडिशा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने ओडिशा में तीव्र विकास लाने में केंद्र का ‘‘सहयोग नहीं’’ करने को लेकर नवीन पटनायक सरकार की मंगलवार को आलोचना की और कहा कि उन्होंने उड़िया लोगों के कल्याण के लिए केंद्रीय योजनाओं का सहारा लिया. मोदी ने ओडिशा के इस पश्चिमी शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ओडिशा सरकार ने हमारे साथ सहयोग नहीं किया. उसकी उदासीनता के बावजूद हमने राज्य में विकास परियोजनाएं शुरू करने में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया.’’
उन्होंने कहा कि इस चौकीदार ने उड़िया लोगों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए केंद्र की योजनाओं का सहारा लिया. उन्होंने दावा किया कि अगर 2014 के चुनाव के बाद ओडिशा में भाजपा ने सरकार बनाई होती तो राज्य में ‘‘सभी क्षेत्रों में तीव्र विकास’’ हुआ होता. केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल-इंजन सरकार के लिए लोगों से वोट देने की अपील करते हुए मोदी ने कहा कि ओडिशा को 2017 में उत्तर प्रदेश और 2018 में त्रिपुरा द्वारा रचा गया इतिहास दोहराना चाहिए.
यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव 2019: पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान नक्सल प्रभावित बस्तर में 3 अप्रैल को करेंगे रैली
अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने आठ लाख परिवारों के लिए पक्के मकान बनवाए, 24 लाख घरों में बिजली के कनेक्शन मुहैया कराए, 40 लाख माताओं और बहनों को गैस कनेक्शन दिए. उन्होंने कहा, ‘‘पिछले पांच वर्षों में हमने एक करोड़ 40 लाख लोगों के लिए बैंक खाते खोले, 50 लाख मकानों में शौचालय बनवाए, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की.’’
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि इस पुरानी पार्टी ने गरीबों को उनके अधिकारों से वंचित रखकर वर्षों तक ओडिशा के लोगों के साथ धोखा किया. उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस के शासन में बिचौलियों को बड़े पैमाने पर फायदा हुआ. इस धोखे के कारण लोगों को अपने परिवारों को छोड़कर दूसरे राज्यों में विस्थापित होना पड़ा.’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में एक भी छुट्टी लिए बिना इस ‘‘चौकीदार’’ ने देश में बदलाव लाने के लिए कड़ी मेहनत से काम किया. उन्होंने कहा, ‘‘इस बदलाव का श्रेय देश के लोगों को जाता है जिन्होंने भाजपा को सत्तासीन करने के लिए वोट दिया. यह आपका वोट था ना कि मोदी का ,जो देश में सकारात्मक बदलाव लाया, गरीबों के जीवन में रोशनी लाया और जिसने उनकी जिंदगियों को उम्मीदों से भरा.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 02, 2019 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

