देश

लोकसभा चुनाव 2019: बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- कर्ज माफी के नाम पर सिर्फ किसानों के साथ किया धोखा

मध्यप्रदेश में कांग्रेस (Congress) के चार महीने के शासन को विपक्षी दल बीजेपी (BJP) ने पूरी तरह से निराशाजनक बताते हुए आरोप लगाया कि कर्ज माफी योजना के नाम पर किसानों को धोखा दिया गया...

लोकसभा चुनाव 2019: बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- कर्ज माफी के नाम पर सिर्फ किसानों के साथ किया धोखा
बीजेपी और कांग्रेस का चुनाव चिन्ह (File Photo)

भोपाल:  मध्यप्रदेश में कांग्रेस (Congress) के चार महीने के शासन को विपक्षी दल बीजेपी (BJP) ने पूरी तरह से निराशाजनक बताते हुए आरोप लगाया कि कर्ज माफी योजना के नाम पर किसानों को धोखा दिया गया. शुक्रवार को बीजेपी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करते हुए 83 वादों को लागू करने के कांग्रेस के दावे पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए इसे मात्र कागजी दावा बताया और कहा कि प्रदेश में भष्ट्राचार अपने चरम पर है.

प्रदेश बीजेपी कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे और प्रभात झा ने संवाददाता सम्मेलन में 12 पन्नों की पुस्तिका के रुप में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया. हालांकि कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों को निराधार बताया है. इस अवसर पर चौहान से संवाददाताओं को बताया, ‘‘राज्य में एक भी किसान की रिण माफी नहीं हुयी है. कांग्रेस की कृषि रिण माफी योजना जिसके आधार पर वह प्रदेश की सत्ता में आई, पूरी तरह से विफल है.’’

यह भी पढ़ें: गाजीपुर: PM मोदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा- कर्नाटक में लाखों किसानों की कर्ज माफी का किया था वादा, लेकिन सिर्फ 800 किसानों को ही मिला फायदा

चौहान ने आरोप लगाया कि हालांकि कांग्रेस सरकार ने रिण माफी का आदेश जारी किया, लेकिन वास्तव में आज तक एक भी किसान का कर्ज माफ नहीं हुआ है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित कांग्रेस के नेता किसानों का दो लाख रुपये तक का रिण माफी करने का दावा करते हैं जो कि पूरी तरह से गलत हैं. प्रदेश में लगातार हो रही बिजली कटौती का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा, "यह हमें बंटाधार युग (कांग्रेस के मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के शासन का उल्लेख) की याद दिलाता है, जब नियमित तौर पर बिजली कटौती होती थी.’’

उन्होंने कहा कि यहां तक कि कमलनाथ जब अपने मतदान केन्द्र पर मतदान करने गये तब भी बिजली चली गयी, इससे प्रदेश में बिजली की स्थिति का पता चलता है और कांग्रेस सरकार मामले को संभालने के बजाय इसके लिये बीजेपी पर दोष लगा रही है. प्रदेश में युवाओं को बेरोजगारी भत्ते के रुप में 4,000 रुपये देने के कांग्रेस के वादे को याद दिलाते हुए चौहान ने कहा कि आज तक प्रदेश में एक भी व्यक्ति को यह सहायता नहीं मिली है.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी (चौहान) सरकार द्वारा शुरू की गई गरीबों के अंतिम संस्कार के लिये 5000 रुपये की सहायता योजना जैसी कई कल्याणकारी योजनाओं को धन की कमी के कारण बंद कर दिया गया. चौहान ने आरोप लगाया कि प्रदेश की स्थिति सुधारने के बजाय कांग्रेस सरकार ने तबादला उद्योग शुरु कर दिया है और एक व्यक्ति का एक दिन में चार बार तक तबादला कर धन की वसूली की जा रही है.

उन्होंने कहा कि हाल ही में कमलनाथ के करीबी व्यक्तियों पर आयकर छापे डाले गए जिससे प्रदेश में कांग्रेस सरकार की पारंम्परिक प्रकृति का पता चलता है. छापों में 281 करोड़ रुपये की अवैध आय का खुलासा हुआ था . उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है.

बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए प्रदेश कांग्रेस की मीडिया सेल की अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा कि बीजेपी और चौहान ने लगभग 15 वर्ष तक प्रदेश में शासन किया. इस दौरान 21,000 से अधिक किसानों ने आत्महत्या की और बलात्कार और सामूहिक बलात्कार की 25,000 से 30,000 घटनाएं हुईं. उन्होंने सवाल किया कि चौहान इन सब पर इतने सालों तक मौन क्यों रहे.

(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2019 03:11 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).