देश

गृहमंत्री अमित शाह ने की 3 राज्यों में बीजेपी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा, पार्टी नेताओं से की मुलाकात

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष अमित शाह (Amit Shah) ने रविवार को यहां हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड के चुनिंदा पार्टी नेताओं से मुलाकात की और सांगठनिक मुद्दों के अलावा इन तीनों राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की.

गृहमंत्री अमित शाह ने की 3 राज्यों में बीजेपी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा, पार्टी नेताओं से की मुलाकात
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह (Photo Credits-ANI)

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष अमित शाह (Amit Shah) ने रविवार को यहां हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड के चुनिंदा पार्टी नेताओं से मुलाकात की और सांगठनिक मुद्दों के अलावा इन तीनों राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की. इन तीनों राज्यों में भाजपानीत राजग की सरकारें हैं और उम्मीद है कि तीनों राज्यों में अक्टूबर में चुनाव होंगे.

सूत्रों के मुताबिक शाह ने तीनों राज्यों के नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की और चुनावी तैयारियों का जायजा लिया. हरियाणा के नेताओं के साथ हुई पहली बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर, राज्य के मंत्री अनिल विज, ओमप्रकाश धनकड़, राम विलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु व अन्य शामिल हुए.

यह भी पढ़ें : प्रतापगढ़ लोकसभा सीट 2019 के चुनाव परिणाम: भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संगम लाल गुप्ता निकले आगे

लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने हरियाणा में पहली बार सभी दस संसदीय सीटों को जीतने में सफलता पाई. 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा में पहली बार 47 सीटें जीती थीं. इसके बाद शाह ने झारखंड के पार्टी नेताओं से मुलाकात की जिनमें मुख्यमंत्री रघुबर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और पार्टी के राज्य मामलों के प्रभारी मंगल पांडे शामिल थे.

लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने झारखंड की 14 संसदीय सीटों में 12 पर जीत दर्ज की है. 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 81 सदस्यीय विधानसभा में 42 सीटें जीती थीं. महाराष्ट्र के जिन नेताओं के साथ शाह ने बैठक की, उनमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्य पार्टी मामलों प्रभारी सरोज पांडे और पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष रावसाहेब पाटील दनवे शामिल थे.

लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने महाराष्ट्र की 48 संसदीय सीटों में 41 पर जीत दर्ज की है. 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था. 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 122 सीटें जीती थीं. शिवसेना के हिस्से में 63 सीटें आई थीं.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 10, 2019 09:14 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).