प्रधानमंत्री मोदी पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कसा तंज
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और भाजपानीत सरकार पर कृषि संकट, खराब आर्थिक स्थिति और पड़ोसी देशों के साथ बिगड़ते संबंधों का आरोप लगाया.
नई दिल्ली. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और भाजपानीत सरकार पर कृषि संकट, खराब आर्थिक स्थिति और पड़ोसी देशों के साथ बिगड़ते संबंधों का आरोप लगाया. सिंह कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल की किताब 'शेड्स ऑफ ट्रथ-ए जर्नी डिरेल्ड' के लांच के मौके पर यह बातें कही.
उन्होंने कहा, "मोदी सरकार ने देश में मौजूद कृषि संकट का सकारात्मक ढंग से सामना नहीं किया. किसान को अभी तक उनके उत्पाद के लाभकारी मूल्य नहीं दिए गए."उन्होंने कहा कि सिब्बल की किताब मोदी सरकार के चार वर्षो के कार्यकाल का समग्र विश्लेषण है.उन्होंने कहा, "इसमें सरकार द्वारा 2014 लोकसभा चुनाव से पहले किए गए उन असफल वादों के बारे में बताया गया है, जिसे सरकार पूरा करने में विफल रही."
मोदी के दो करोड़ नौकरियां देने के वादे के बारे में सिंह ने कहा, "गत चार वर्षो में रोजगार दर में कमी आई है."उन्होंने कहा, "मोदी सरकार द्वारा बड़ी संख्या में रोजगार सृजन के आंकड़े से लोग संतुष्ट नहीं हैं. औद्योगिक उत्पादन और आयात सुस्त हुआ है. मेक इन इंडिया और स्टैंड अप इंडिया जैसे कार्यक्रम औद्योगिक उप्तादन में अभी तक पर्याप्त प्रभाव नहीं डाल पाए हैं."
पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि छोटे उद्योगों को अभी भी इज ऑफ डूइंग बिजनेस से फायदा होना बाकी है और नोटबंदी व जीएसटी से ये उद्योग प्रभावित हुए हैं.उन्होंने कहा, "महिला, दलित और अल्पसंख्यक असुरक्षा के माहौल में रह रहे हैं. मोदी सरकार धीरे ही सही, लेकिन उन मूल्यों को समाप्त कर रही है, जिसकी रक्षा किसी भी लोकतांत्रिक पार्टी को करनी चाहिए."
सिंह ने कहा, "पड़ोसियों के साथ हमारे संबंध बीते चार वर्षो में बहुत खराब हो गए हैं. मोदी सरकार विज्ञान व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र से संबंधित समस्याएं सुलझाने में विफल रही है."
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 08, 2018 08:35 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

