कैमरे के सामने पलभर में हुई मौत! लुधियाना में हार्ट अटैक से गई एथलीट की जान, वीडियो आया सामने
लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में एथलीट वरिंदर सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई. वे जालंधर से प्रतियोगिता में भाग लेने आए थे और मोबाइल पर बात करते हुए अचानक गिर पड़े. चिकित्सा टीम ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
पंजाब के लुधियाना में एक दुखद घटना घटी, जहां एक अनुभवी एथलीट की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. यह हादसा गुरु नानक स्टेडियम में उस समय हुआ जब जालंधर के 54 वर्षीय एथलीट, वरिंदर सिंह, अपने दोस्त से मोबाइल पर बात कर रहे थे. इस दौरान अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और वे मैदान में गिर पड़े. हालांकि, आसपास के खिलाड़ियों ने उन्हें तुरंत संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. इस दर्दनाक घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया है.
हार्ट अटैक के कारण हुई एथलीट की मौत
वरिंदर सिंह, जो कि एक अनुभवी और फिट एथलीट थे, इस समय लुधियाना में आयोजित 'खेड़ां वतन पंजाब दियां सीजन-3' प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए थे. यह इवेंट पंजाब के पांच जिलों में आयोजित हो रहा था, जिसमें एथलेटिक्स, बेसबॉल, किकबॉक्सिंग और लॉन टेनिस जैसे खेल शामिल थे. वरिंदर सिंह ने 3 बजे तक अपने मुकाबले खत्म कर लिए थे, लेकिन अन्य एथलीटों के खेल को देखकर वे मैदान पर ही खड़े थे.
शाम साढ़े पांच बजे के करीब, जब वे मोबाइल पर अपने दोस्त से बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वे गिर पड़े. उनकी स्थिति देख कर तुरंत वहां मौजूद मेडिकल टीम उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मौत कब आ जाए, कुछ नहीं पता...💔
लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में एथलीट वरिंदर सिंह फोन पर दोस्त से बात कर रहे थे। अचानक नीचे गिरे और मौत हो गई। pic.twitter.com/tBtlkDCpQY
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) November 6, 2024
परिवार को मिली दुखद खबर
वरिंदर सिंह के साथ आए उनके दोस्त ने इस घटना की सूचना उनके परिवार को दी. इस खबर से वरिंदर सिंह के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई. उनकी पत्नी और बेटा शव को जालंधर ले गए. कोच बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि वरिंदर सिंह पिछले साल भी खेलों में हिस्सा ले चुके थे और वे नियमित रूप से प्रतियोगिताओं में भाग लिया करते थे. उनकी मौत ने न सिर्फ उनके परिवार को, बल्कि खेल जगत को भी गहरा आघात पहुंचाया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 06, 2024 04:07 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

