लोकसभा चुनाव 2019: सीएम कमलनाथ ने चुनाव में लापरवाही बरतने वाले अफसरों का मांगा ब्योरा
मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बीच कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने निष्पक्ष तौर पर काम न करने और लापरवाही बरतने वाले अफसरों व कर्मचारियों का पार्टी नेताओं से ब्योरा मांगा है...
भोपाल: मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में लोकसभा चुनाव के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के बीच कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने निष्पक्ष तौर पर काम न करने और लापरवाही बरतने वाले अफसरों व कर्मचारियों का पार्टी नेताओं से ब्योरा मांगा है. कमलनाथ (Kamal Nath) ने मंगलवार को सभी लोकसभा उम्मीदवारों व पार्टी के जिलाध्यक्षों को एक पत्र लिखा.
लिखकर कहा, "राज्य में विभिन्न चरणों में हो रहे लोकसभा चुनाव के पहले चरण में कार्यकर्ताओं ने लगन व मेहनत से काम किया है. चुनाव आयोग के निर्देश हैं कि चुनाव निष्पक्ष हों. चुनाव के दौरान जिन अधिकारियों व कर्मचारियों ने निष्पक्षता नहीं बरती और लापरवाही की है, ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम, पद एवं विभाग की जानकारी प्रमाण सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजें."
सूत्रों का कहना है कि राज्य के कई हिस्सों से कांग्रेस की प्रदेश इकाई को ऐसी शिकायतें मिली हैं कि कई कर्मचारी व अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का ठीक तरह से निर्वहन नहीं कर रहे हैं. कई कर्मचारियों पर तो कांग्रेस के उम्मीदवार के खिलाफ काम करने के भी आरोप लगे हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2019 01:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

