देश

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018: आरक्षण को लेकर बीजेपी और कांग्रेस पर बरसी मायावती, लगाया यह बड़ा आरोप

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने रविवार को आरोप लगाया कि ‘‘जातिवादी’’ भाजपा और कांग्रेस आरक्षण व्यवस्था ‘‘खत्म’’ करने की कोशिश कर रही हैं

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018: आरक्षण को लेकर बीजेपी और कांग्रेस पर बरसी मायावती, लगाया यह बड़ा आरोप
उत्तर प्रदेश पूर्व मुख्यमंत्री मायावती (Photo credits PTI)

बिलासपुर: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने रविवार को आरोप लगाया कि ‘‘जातिवादी’’ बीजेपी और कांग्रेस आरक्षण व्यवस्था ‘‘खत्म’’ करने की कोशिश कर रही हैं.

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के आगामी विधानसभा चुनाव में मायावती की बसपा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अजित जोगी की जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जेसीसी) से गठबंधन कर चुनावी मैदान में है.

जांजगीर-चंपा के अकलतारा विधानसभा क्षेत्र के तरौड़ गांव में एक रैली को संबोधित करते हुए बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी बीजेपी और मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने आरक्षण को ‘‘निष्प्रभावी’’ बनाने की दिशा में काम किया है और वे धीरे-धीरे इसे खत्म करने की कोशिश कर रही हैं.

मायावती ने कहा, ‘‘बी आर आंबेडकर के प्रयासों के कारण दलितों, आदिवासियों और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को आरक्षण, खासकर सरकारी नौकरियों में, के लाभ मिलते रहे हैं.’’

उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर ‘‘जातिवादी मानसिकता’’ का आरोप लगाया.

मायावती ने कहा, ‘‘शुरुआत से ही उन पार्टियों की मानसिकता जातिवादी रही है...उन्होंने आरक्षण को निष्प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया है और धीरे-धीरे इसे खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 05, 2018 09:57 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).