देश

नागरिकता कानून पर बीजेपी का पत्रक तैयार

देशभर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध को देखते हुए अब भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दोनों ने ही इस कानून के बाबत जागरूक फैलाने के लिए अभियान छेड़ दिया है.

नागरिकता कानून पर बीजेपी का पत्रक तैयार
बीजेपी (Photo Credits: IANS)

देशभर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध को देखते हुए अब भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दोनों ने ही इस कानून के बाबत जागरूक फैलाने के लिए अभियान छेड़ दिया है. भाजपा एक ओर देशभर में रैली और कार्यक्रम कर रही है, तो दूसरी तरफ पत्रक प्रकाशित कराकर हर राज्य में बंटवाने की तैयारी है, ताकि नागरिकता कानून के बारे में भ्रम दूर किया जा सके. संघ और भाजपा के आनुषांगिक संगठन नए नागरिकता कानून के मसले पर जागरूकता अभियान चला रहे हैं. इसी सिलसिले में भाजपा ने पत्रक प्रकाशित करवाया है जो जनता के बीच, खासकर अल्पसंख्यक वर्ग के बीच बांटा जाएगा.

गौरतलब है कि इस पत्रक को संघ की बैठक में अनुमोदित किया गया है. पत्रक भाजपा की आनुषांगिक संगठन श्यामा प्रसाद मुखर्जी फाउंडेशन ने प्रकाशित किया है. 32 पृष्ठों के पत्रक (पुस्तिका) में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तव्य को प्रमुखता दी गई है. सात खंडों में प्रकाशित इस पत्रक में नागरिकता कानून के प्रावधानों और विभिन्न नेताओं के व्यक्तव्यों को जगह दी गई है. साथ ही सन् 1947 में नागरिकता को लेकर महात्मा गांधी के दिए बयान को भी प्रमुखता से छापा गया है, जिसमें गांधी ने कहा था कि "जो लोग पाकिस्तान से भगाए गए हैं, भारत उनका अपना घर है."

यह भी पढ़ें- बीजेपी कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा बोले- भारत को विभाजित करने वाली कांग्रेस अब CAA का कर रही है विरोध

पत्रक में नागरिकता को लेकर कांग्रेस नेता पट्टाभि सीतारमैया, जे.वी. कृपलानी, जवाहरलाल नेहरू, अब्दुल कलाम आजाद, इंदिरा गांधी और इंद्र कुमार गुजराल जैसे बड़े नेताओं के दिए बयानों को भी जगह दी गई है. श्यामा प्रसाद मुखर्जी फाउंडेशन भाजपा के मुख्यपत्र 'कमल संदेश' का प्रकाशन और अनुमोदन करता है. सूत्रों के मुताबिक, पत्रक की प्रतियां सभी राज्यों में भेजी जाएंगी. पहले चरण में लगभग 1 करोड़ पत्रक प्रकशित किए जाने की योजना है.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 30, 2019 12:10 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).