बिहार : मुख्यमंत्री नें बालिका गृह कांड मामले में सीबीआई जांच कराने का आदेश दिया
बिहार सरकार ने मुजफ्फरपुर स्थित बालिका गृह कांड मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने का फैसला लिया है. मुख्यमंत्री ने इस बाबत गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों को आदेश दे दिया.
पटना : बिहार सरकार ने मुजफ्फरपुर स्थित बालिका गृह कांड मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने का फैसला लिया है. मुख्यमंत्री ने इस बाबत गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों को आदेश दे दिया.
अधिकरिक बयान के मुताबिक, "मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन शोषण मामले की जांच पुलिस मुस्तैदी से कर रही है. सरकार निष्पक्ष जांच के लिए प्रतिबद्घ है लेकिन एक भ्रम का वातावरण बनाया जा रहा है. भ्रम का वातावरण नहीं बने, इसलिए मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और गृह विभाग के प्रधान सचिव को तत्काल इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का निर्देश दिया है."
उल्लेखनीय है कि विपक्ष लगातार इस मामले में सरकार पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रहा था. इसे लेकर विधानमंडल के दोनों सदनों में भी कार्यवाही बाधित की जा रही थी.
उल्लेखनीय है कि इस मामले का खुलासा तब हुआ जब मुंबई की संस्था टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल साइसेंस की टीम ने बालिका गृह के सोशल ऑडिट रिपोर्ट में यौन शोषण का उल्लेख किया.
इसके बाद मुजफ्फरपुर महिला थाने में इस मामले की प्राथमिकी दर्ज कराई गई. इसके बाद लड़कियों के चिकित्सकीय जांच में भी यहां की 41 लड़कियों में से 29 लड़कियों के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई थी.
इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर सहित 10 लोगों को गिरतार किया जा चुका है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 26, 2018 07:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

