देश

असदुद्दीन ओवैसी ने 17वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में ली शपथ, बीजेपी सांसदों ने लगाए जय श्रीराम के नारे

लोकसभा सत्र का दूसरा दिन सांसदों के शपथ लेने के दौरान कई तरह के नारों का गवाह बना. बीजेपी सांसद 'जय श्रीराम', 'वंदे मातरम्', 'भारत माता की जय' के नारे लगाते रहे.

असदुद्दीन ओवैसी ने 17वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में ली शपथ, बीजेपी सांसदों ने लगाए जय श्रीराम के नारे
असदुद्दीन ओवैसी (Photo Credtis ANI)

नई दिल्ली : लोकसभा सत्र का दूसरा दिन सांसदों के शपथ लेने के दौरान कई तरह के नारों का गवाह बना. बीजेपी सांसद 'जय श्रीराम', 'वंदे मातरम्', 'भारत माता की जय' के नारे लगाते रहे. सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (All India Majlis-e-Ittehadul Muslimeen) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी रहे, जिन्होंने बीजेपी के 'जय श्रीराम' व 'वंदे मातरम्' के नारों के बीच मंगलवार को 17वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली.

ओवैसी ने इन नारों का जवाब 'जय भीम' व 'अल्लाह-ओ-अकबर' से दिया. हैदराबाद के सांसद जैसे ही शपथ लेने के लिए अध्यक्ष के आसन के समक्ष गए, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लगभग सभी सांसद 'जय श्रीराम', 'वंदे मातरम्', 'भारत माता की जय' के नारे लगाने लगे. ओवैसी ने मुस्कराते हुए इन सदस्यों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया.

यह भी पढ़ें : असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी सांसदों के हर नारे का जवाब दिया, कहा-‘काश! बच्चों की मौत भी याद आ जाती’

उर्दू में शपथ लेने के बाद ओवैसी ने नारा लगाया, "जय भीम, नारा-ए-तकबीर अल्लाह-ओ-अकबर, जय हिंद." बीजेपी द्वारा नारे लगाए जाने पर बाद में ओवैसी ने कहा, "अच्छा है कि उन्हें (बीजेपी सांसदों को) इस तरह की बातें याद आ जाती हैं, जब वे मुझे देखते हैं. मुझे उम्मीद है कि उन्हें संविधान भी याद होगा और मुजफ्फरपुर में बच्चों की मौत भी."

अधिकांश बीजेपी सांसदों ने शपथ ग्रहण के समय 'जय श्रीराम', 'भारत माता की जय' के नारे लगाए. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और लखीमपुर खीरी के बीजेपी सांसद अजय कुमार के बीच व्यंग्य का आदान-प्रदान जैसा होता दिखा, जब कुमार ने 'जय श्रीराम', 'भारत माता की जय' के नारे लगाए. संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हस्तक्षेप किया और राहुल को इशारा कर कोई टिप्पणी नहीं करने के लिए कहा.

बीजेपी सांसदों ने ये नारे हर उस बार लगाए, जब तृणमूल कांग्रेस के किसी भी सांसद ने शपथ ली. तृणमूल की काकोली घोष ने बीजेपी सांसदों के नारों पर पलटकर 'जय हिंद' और 'जय बंगाल' का नारा लगाया. उनकी कड़ी प्रतिक्रिया का सोनिया गांधी ने मेज थपथपा कर स्वागत किया.

अमरावती के निर्दलीय सांसद नवनीत राणा ने नारों पर आपत्ति जताते हुए कहा, "यह इसके लिए सही जगह नहीं है. इसके लिए मंदिर हैं. सभी भगवान एक समान हैं, लेकिन किसी को उसका नाम लेकर निशाना बनाना गलत है."

जब उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज ने संस्कृत में शपथ ली तो 'मंदिर वहीं बनाएंगे' के भी नारे लगाए गए. मथुरा की बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने शपथ ग्रहण का समापन 'राधे राधे कृष्णम वंदे, जगत गुरु' के साथ किया.

गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने भोजपुरी में शपथ लेनी चाही, लेकिन प्रोटेम स्पीकर वीरेंद्र कुमार ने नियमों के तहत उन्हें इसकी इजाजत नहीं दी. सदन की मौखिक सहमति के बाद समाजवादी पार्टी सांसद मुलायम सिंह यादव को उनकी सीट के पास से ही शपथ लेने की इजाजत दी गई. मुलायम अस्वस्थ चल रहे हैं.

 

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2019 08:49 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).