PM Rashtriya Bal Puraskar 2026: आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी; 15 अगस्त तक awards.gov.in पर करें रजिस्ट्रेशन
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026' के लिए ऑनलाइन आवेदन और नामांकन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अगस्त 2026 कर दी है. 5 से 18 वर्ष की आयु के प्रतिभाशाली बच्चे आधिकारिक पोर्टल awards.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
नई दिल्ली: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar) (PMRBP) 2026 के लिए नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पात्र उम्मीदवार, अभिभावक, शिक्षण संस्थान और नागरिक अब 15 अगस्त 2026 तक आधिकारिक 'राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल' पर जाकर आवेदन व सिफारिशें जमा कर सकते हैं.
भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाने वाला यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान उन असाधारण बच्चों को दिया जाता है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन किया है या अभूतपूर्व योगदान दिया है..
पात्रता मानदंड और पुरस्कार की श्रेणियां
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए आवेदन करने हेतु उम्मीदवार को भारत का नागरिक होना और भारत में निवासी होना अनिवार्य है. आवेदक बच्चे की आयु 5 से 18 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
यह पुरस्कार निम्नलिखित 6 प्रमुख श्रेणियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रदान किया जाता है:
- वीरता (Bravery): अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की रक्षा करने में असाधारण साहस का प्रदर्शन.
- खेल (Sports): राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन.
- समाज सेवा (Social Service): पर्यावरण संरक्षण, समाज सुधार या जनकल्याणकारी पहलों का नेतृत्व.
- विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (Science & Technology): नवीन शोध, वैज्ञानिक मॉडल या तकनीकी समाधान विकसित करना.
- पर्यावरण (Environment): पर्यावरण जागरूकता अभियान या टिकाऊ पद्धतियों के क्षेत्र में नवाचार.
- कला एवं संस्कृति (Art & Culture): संगीत, नृत्य, चित्रकला, लेखन या अभिनय के क्षेत्र में विशेष प्रतिभा.
पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 की समय सीमा 15 अगस्त तक बढ़ाई गई
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें? (Step-by-Step Guide)
पुरस्कार के लिए सभी नामांकन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। स्वयं बच्चे, उनके माता-पिता, शिक्षक या कोई भी नागरिक योग्य उम्मीदवार का नामांकन दर्ज करा सकता है:
- पोर्टल पर जाएं: सबसे पहले आधिकारिक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल gov.in पर जाएं.
- पंजीकरण व लॉगिन: पोर्टल पर अपनी बुनियादी जानकारी (नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी आदि) भरकर नया अकाउंट बनाएं या मौजूदा क्रेडेंशियल्स से लॉगिन करें.
- पुरस्कार का चयन: 'Ongoing Nominations' अनुभाग में जाएं और "Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar 2026" का चयन करें.
- श्रेणी चुनें: 'Nominate/Apply Now' पर क्लिक करें, उपयुक्त श्रेणी चुनें और यह निर्दिष्ट करें कि आप स्व-नामांकन कर रहे हैं या किसी अन्य बच्चे को नामांकित कर रहे हैं.
- विवरण व दस्तावेज अपलोड करें: नामांकित बच्चे का विवरण दर्ज करें, हालिया पासपोर्ट साइज फोटो (JPEG/PNG) अपलोड करें, और अधिकतम 1,000 शब्दों में बच्चे की उपलब्धि और प्रभाव का विस्तृत विवरण (Write-up) तथा सहायक दस्तावेज संलग्न करें.
- अंतिम समीक्षा और सबमिशन: फॉर्म की अच्छी तरह जांच करने के बाद अंतिम सबमिट करें और भविष्य के संदर्भ के लिए पुष्टि प्रति (Confirmation Copy) डाउनलोड कर लें.
समय-सीमा और चयन प्रक्रिया
15 अगस्त की विस्तारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद, मंत्रालय द्वारा गठित राष्ट्रीय चयन समिति प्राप्त आवेदनों की जांच करेगी. चयनित विजेताओं की घोषणा इस वर्ष के अंत में की जाएगी, जिसके बाद राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्वारा बच्चों को सम्मानित किया जाएगा.