PM Modi Instagram Record: पीएम मोदी की रील्स ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड; 24 घंटे में 303 मिलियन से ज्यादा व्यूज के साथ अमेरिकी स्ट्रीमर IShowSpeed को पछाड़ा
प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पोस्ट की गई इंस्टाग्राम रील ने इतिहास रच दिया है. 24 घंटे के भीतर 303 मिलियन (30 करोड़ से अधिक) व्यूज हासिल कर यह दुनिया की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली इंस्टाग्राम रील बन गई है.
नई दिल्ली: देश में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक को लेकर जारी छात्र आंदोलनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) का एक डिजिटल संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) पर नया विश्व कीर्तिमान बना चुका है.
पेपर लीक के मुद्दे पर देश के युवाओं को संबोधित करते हुए गुरुवार रात जारी की गई पीएम मोदी की सेल्फी-स्टाइल इंस्टाग्राम रील को 24 घंटे के भीतर 303 मिलियन (30.3 करोड़) से अधिक व्यूज मिले हैं. इसके साथ ही यह 24 घंटे में दुनिया भर में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली इंस्टाग्राम रील बन गई है. यह भी पढ़ें: Fast-Track Court Bill: इंस्टाग्राम वीडियो पर 'युवाओं' के रिस्पॉन्स पर पीएम मोदी ने जताया आभार; सोमवार को संसद में पेश हो सकता है फास्ट-ट्रैक कोर्ट बिल
अमेरिकी क्रिएटर IShowSpeed का रिकॉर्ड ध्वस्त
इस अभूतपूर्व सफलता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी कंटेंट क्रिएटर व स्ट्रीमर IShowSpeed के पिछले बेंचमार्क रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. IShowSpeed की फीफा विश्व कप के दौरान कोरियन बैंड BTS के सदस्यों के साथ मुलाकात वाली रील को 24 घंटे में लगभग 300 मिलियन (30 करोड़) व्यूज मिले थे.
सार्वजनिक इंस्टाग्राम मैट्रिक्स और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पीएम मोदी की इस रील ने 24 घंटे में न केवल 303 से 305 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार किया, बल्कि इस पर 16 मिलियन से अधिक लाइक्स और 1.5 मिलियन से ज्यादा कमेंट्स भी आए. इस वीडियो की बदौलत प्रधानमंत्री के इंस्टाग्राम अकाउंट पर रातों-रात लगभग 10 लाख नए फॉलोअर्स जुड़े.
पीएम मोदी की इंस्टाग्राम रील ने 24 घंटे में सबसे ज़्यादा व्यूज़ का नया रिकॉर्ड बनाया
पेपर लीक और फास्ट-ट्रैक कोर्ट पर रहा फोकस
रिकॉर्ड बनाने वाली इस रील में प्रधानमंत्री मोदी ने स्वीकार किया कि पेपर लीक एक अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मुद्दा है, जिससे लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भविष्य प्रभावित होता है. उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया कि दोषियों को पकड़ा गया है और वे सलाखों के पीछे हैं.
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि छात्रों का एक भी साल बर्बाद न हो. इसके लिए मामलों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष 'फास्ट-ट्रैक कोर्ट' (Fast-Track Courts) गठित करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है, जिसे संसद के आगामी सत्र में विधेयक के रूप में पेश किया जाएगा.
पेपर लीक से जुड़े सेल्फी वीडियो के बाद PM मोदी ने इंस्टाग्राम रील में 'दोस्तों का शुक्रिया' अदा किया
दूसरी रील के जरिए युवाओं का जताया आभार
शुक्रवार रात पीएम मोदी ने एक और इंस्टाग्राम रील साझा की, जिसमें उन्होंने अपने संदेश पर युवाओं और छात्रों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया तथा सुझावों के लिए देशवासियों का धन्यवाद किया.
प्रधानमंत्री ने अपने दूसरे वीडियो में कहा, "धन्यवाद दोस्तों। कल देर रात मुझे आपसे जुड़ने का मौका मिला। पहली वीडियो पर आपके पॉजिटिव रिस्पॉन्स और सुझावों के लिए आभार. हमारा यह संबंध और गहरा होगा."