देश

‘मिशन शक्ति’ की सफलता पर गदगद पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों से कही ये बड़ी बात, देखें वीडियो

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार दोपहर राष्ट्र को संबोधित करने के तुरंत बाद मिशन शक्ति के सफल संचालन में शामिल वैज्ञानिकों से विडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बातचीत की. मिशन शक्ति के सफल परीक्षण से भारत उपग्रह रोधी प्रक्षेपास्त्र के माध्यम से उपग्रहों को सफलतापूर्वक निशाना बनाने की क्षमता वाला विश्व का चौथा देश बन गया है.

‘मिशन शक्ति’ की सफलता पर गदगद पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों से कही ये बड़ी बात, देखें वीडियो
पीएम मोदी (Photo Credits: PTI)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Modi) ने बुधवार दोपहर राष्ट्र को संबोधित करने के तुरंत बाद मिशन शक्ति (Mission Shakti) की सफलता के लिए काम करने वाले वैज्ञानिकों से बातचीत की. मिशन शक्ति के सफल परीक्षण से भारत उपग्रह रोधी प्रक्षेपास्त्र के माध्यम से उपग्रहों को सफलतापूर्वक निशाना बनाने की क्षमता वाला विश्व का चौथा देश बन गया है. अभी तक यह तकनीक सिर्फ अमेरिका, चीन और रूस के पास थी.

विडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पीएम मोदी ने इस सफलता पर वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरा देश आप पर गर्व कर रहा है. उन्होंने कहा कि मेक-इन इंडिया पहल के अनुरूप वैज्ञानिकों ने विश्व को यह संदेश दिया है कि हम किसी से कम नहीं हैं.

यह भी पढ़े- Mission Shakti: भारत ने अंतरिक्ष में भी किया सर्जिकल स्ट्राइक , 3 मिनट में मार गिराया सैटेलाइट

उन्होंने कहा कि भारत वसुधैव कुटुंबकम के दर्शन का अनुसरण करता है. इसके अनुसार पूरा विश्व एक परिवार है. लेकिन प्रधानमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि शांति और सद्भाव के लिए काम करने वाली शक्तियों को शांति की प्राप्ति के लिए हमेशा शक्ति संपन्न बने रहना होगा.

प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि वैश्विक शांति और क्षेत्रीय शांति के लिए भारत को सक्षम और मजबूत बनना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि इस प्रयास में वैज्ञानिकों ने समर्पण के साथ योगदान दिया है. उन्होंने केन्द्रीय मंत्रिमंडल की ओर से वैज्ञानिकों को बधाई दी. वैज्ञानिकों ने अपने कौशल को सिद्ध करने का मौका देने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया.

आपको बता दें कि बुधवार को भारत ने पृथ्वी की निचली कक्षा में लाइव सैटेलाइट को मार गिराने का सफल परीक्षण किया. अंतरिक्ष में पृथ्वी की निचली कक्षा में 300 किलोमीटर दूर एक उपग्रह को भारत ने नष्ट कर दिया है. इस बात की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में दी.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 27, 2019 05:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).