देश की जनता को सरकार ने आज भी दी राहत, पेट्रोल और डीजल के दाम घटाए
पेट्रोल और डीजल के दाम में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई....अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में नरमी का रुख बना हुआ है, जिससे पेट्रोल और डीजल में आगे भी राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है.....
नई दिल्ली: पेट्रोल (Petrol) और डीजल (Diesel) के दाम में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई. इससे पहले लगातार 13 दिनों तक रोजाना पेट्रोल और डीजल के दाम घटने के बाद बुधवार को कीमतों में स्थिरता बनी रही. उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार (International market) में कच्चे तेल के दाम में नरमी का रुख बना हुआ है, जिससे पेट्रोल और डीजल में आगे भी राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है. ब्रेंट क्रूड का भाव अब तक 60 डॉलर प्रति बैरल से नीचे बना हुआ है.
तेल विपणन कंपनियों ने शुक्रवार को दिल्ली (Delhi) और मुंबई (Mumbai) में पेट्रोल के भाव में 40 पैसे प्रति लीटर, जबकि कोलकाता में 39 पैसे और चेन्नई में 42 पैसे प्रति लीटर की कटौती की. वहीं, डीजल की कीमतों में दिल्ली और कोलकाता में 41 पैसे जबकि मुंबई में 43 पैसे और चेन्नई मे 44 पैसे प्रति लीटर की कटौती की गई है. इंडियन ऑयल (Indian Oil) की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई (Chennai) में पेट्रोल की कीमतें क्रमश: 70.92 रुपये, 72.97 रुपये, 76.50 रुपये और 73.57 रुपये प्रति लीटर हो गई हैं.
चारों महानगरों के पेट्रोल पंप स्टेशनों (Petrol Pump Station) पर डीजल क्रमश: 65.55 रुपये, 67.28 रुपये, 68.59 रुपये और 69.19 रुपये प्रति लीटर के भाव मिल रहा है. ब्रेंट क्रूड का फरवरी डिलीवरी वायदा सौदा शुक्रवार को आईसीई पर पिछले सत्र के मुकाबले 0.70 फीसदी की कमजोरी के साथ 59.64 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था. वहीं, नायमैक्स पर अमेरिकी लाइट क्रूड डब्ल्यूटीआई का जनवरी डिलीवरी अनुबंध 0.56 फीसदी की गिरावट के साथ 51.76 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था.
यह भी पढ़ें: पेट्रोल और डीजल के दाम में गिरावट दर्ज, जानें क्या हैं आपके शहर में दाम
पिछले सत्र में अंतर्राष्ट्रीय बाजार से कमजोर संकेत मिलने से घरेलू वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (Multi Commodity Exchange) यानी एमसीएक्स पर भी कच्चे तेल में भारी गिरावट आई. एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वायदा गुरुवार को 192 रुपये यानी 5.05 फीसदी लुढ़ककर 3,610 रुपये प्रति बैरल पर बंद हुआ.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 07, 2018 11:11 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

