Pappu Yadav Attack: प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पप्पू यादव पर फेंकी गई चप्पल, सांसद का दावा- 'मुझ पर चाकू से हमले की भी थी साजिश'

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले ही पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य लोगों के खिलाफ संसद परिसर में राम मंदिर दान को लेकर किए गए एक कथित स्किट के संबंध में पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई थी.

Pappu Yadav

Pappu Yadav Attack: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (राजेश रंजन) की दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने कथित तौर पर उन पर चप्पल फेंक दी. घटना के बाद मौके पर मौजूद समर्थकों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. पप्पू यादव ने दावा किया कि सिर्फ चप्पल फेंकने की ही नहीं, बल्कि चाकू से हमला करने की भी साजिश रची गई थी. यह भी पढ़ें: Pappu Yadav On NDA: एनडीए सरकार साल भर से ज्यादा नहीं चलने वाली- पप्पू यादव

यह घटना रविवार शाम दिल्ली के पंडारा रोड स्थित सांसद के सरकारी आवास पर हुई, जहां वह मीडिया से बातचीत कर रहे थे. घटना ने वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फेंकी गई चप्पल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुछ लोग सवाल पूछ रहे थे. इसी बीच एक युवक ने अचानक पप्पू यादव की ओर चप्पल फेंक दी. आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी सुमित के रूप में हुई है. घटना के तुरंत बाद सांसद के समर्थकों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. हालांकि, बाद में पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया.

'हमलावर के पास चाकू भी था'

पप्पू यादव के मीडिया संयोजक जैद खान ने दावा किया कि चप्पल फेंके जाने के साथ ही वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने कथित तौर पर चाकू निकालने की कोशिश की. उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे काबू कर लिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई. उनका कहना है कि पप्पू यादव ने खुद हस्तक्षेप कर आरोपी को भीड़ से बचाया और पुलिस के हवाले कर दिया.

पप्पू यादव ने लगाया गंभीर आरोप

घटना के बाद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर चंदा चोरी का मुद्दा उठाने के बाद से उन्हें लगातार असामाजिक तत्वों की ओर से धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने दावा किया कि उनके सिर पर 51 लाख रुपये तक का इनाम घोषित किए जाने जैसी धमकियां भी मिल रही हैं. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

एक दिन पहले दर्ज हुई थी शिकायत

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले ही पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य लोगों के खिलाफ संसद परिसर में राम मंदिर दान को लेकर किए गए एक कथित स्किट के संबंध में पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना पूर्व नियोजित थी या नहीं. साथ ही कथित चाकू लाने के दावे की भी जांच की जा रही है.

Share Now