Delhi Lakshmi Yojana 2026: 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू; जानें पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और रजिस्ट्रेशन की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया
दिल्ली सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं के लिए 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' का आधिकारिक पोर्टल लॉन्च कर दिया है. योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की वित्तीय सहायता दी जाएगी. महज दो दिनों में पोर्टल पर 1.47 लाख से अधिक पंजीकरण दर्ज किए जा चुके हैं.
Delhi Lakshmi Yojana 2026: दिल्ली सरकार द्वारा शुरू की गई महत्वाकांक्षी 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' (Delhi Lakshmi Yojana) को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. आधिकारिक पोर्टल dly.delhi.gov.in चालू होने के शुरुआती दो दिनों के भीतर 1.47 लाख से अधिक महिलाओं ने इस योजना के लिए अपना पंजीकरण करा लिया है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Chief Minister Rekha Gupta) ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना दिल्ली की बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है. सरकार ने इस योजना के लिए ₹5,110 करोड़ का बजट आवंटित किया है, जिससे राष्ट्रीय राजधानी की लगभग 17 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी.
क्या है दिल्ली लक्ष्मी योजना और इसके लाभ?
पूर्व में महिला समृद्धि योजना के नाम से जानी जाने वाली इस संशोधित योजना के तहत पात्र महिलाओं को ₹2,500 प्रति माह (वार्षिक ₹30,000) की प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) सहायता दी जाएगी.
दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन करने के लिए dly.delhi.gov.in पर जाएं
भुगतान के विकल्प:
- विकल्प 1: कुल ₹2,500 में से ₹1,000 दैनिक खर्चों के लिए सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) वॉलेट में और शेष ₹1,500 की राशि रिकरिंग डिपॉजिट (RD) या फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में जमा की जाएगी.
- विकल्प 2: लाभार्थी चाहें तो पूरी ₹2,500 की राशि फिक्स्ड डिपॉजिट/रिकरिंग डिपॉजिट खाते में बचत के रूप में रख सकती हैं.
पात्रता और शर्तें (Eligibility Criteria)
योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को दिया जाएगा जो निम्नलिखित मानदंडों को पूरा करती हैं:
- आयु सीमा: महिला की आयु 21 वर्ष से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
- आवास और आय: आवेदक महिला कम से कम पिछले 10 वर्षों से दिल्ली की निवासी हो और परिवार की कुल वार्षिक आय ₹2.5 लाख से अधिक न हो.
- एक परिवार से एक लाभ: परिवार (राशन कार्ड) की केवल एक पात्र महिला (ज्येष्ठ सदस्य) ही आवेदन कर सकती है.
इन श्रेणियों को नहीं मिलेगा लाभ (Exclusions):
- जिन परिवारों में कोई सरकारी कर्मचारी या आयकरदाता हो.
- जिन परिवारों के पास चार पहिया वाहन (कार आदि) हो या सालाना बिजली खपत 2,400 यूनिट से अधिक हो.
- जिन महिलाओं के तीन से अधिक जीवित बच्चे हैं.
- जो महिलाएं पहले से किसी अन्य सरकारी पेंशन या नियमित वित्तीय सहायता योजना का लाभ ले रही हैं.
आवश्यक दस्तावेज (Required Documents)
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करते समय आवेदकों को निम्नलिखित दस्तावेजों की स्कैन्ड कॉपी अपलोड करनी होगी:
- आधार कार्ड (मोबाइल नंबर और बैंक खाते से लिंक)
- दिल्ली का वोटर आईडी कार्ड (Voter ID)
- 10 साल का दिल्ली निवास प्रमाण पत्र (बिजली बिल, पानी बिल या राशन कार्ड)
- आय प्रमाण पत्र (वार्षिक आय ₹2.5 लाख से कम)
- पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर
- आयु का प्रमाण (मैट्रिक सर्टिफ़िकेट/जन्म प्रमाण पत्र/आधार)
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें? (Step-by-Step Guide)
पात्र महिलाएं बिना किसी बिचौलिए के सीधे आधिकारिक पोर्टल से आवेदन कर सकती हैं:
- पोर्टल पर जाएं: सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल delhi.gov.in पर जाएं.
- पात्रता जांचें: होमपेज पर दिए गए प्रारंभिक फॉर्म के जरिए अपनी आयु, निवास और आय की बुनियादी जानकारी भरकर पात्रता जांचें.
- पंजीकरण करें: अपने मोबाइल नंबर और आधार कार्ड का उपयोग करके अपना अकाउंट बनाएं.
- आवेदन फॉर्म भरें: व्यक्तिगत विवरण, बैंक खाता संख्या और अन्य पूछी गई जानकारियां सही-सही दर्ज करें.
- दस्तावेज अपलोड करें: मांगे गए आवश्यक दस्तावेजों की साफ कॉपी (PDF/JPG फॉर्मेट) में अपलोड करें.
- सबमिट और रेफरेंस नंबर सहेजें: फॉर्म की पूरी समीक्षा करने के बाद सबमिट बटन पर क्लिक करें। भविष्य में आवेदन की स्थिति देखने (Status Tracking) के लिए जेनरेट हुआ एप्लीकेशन रेफरेंस नंबर सुरक्षित रख लें.