एजेंसी न्यूज

Rajasthan Road Accidents: राजस्थान में विभिन्न सड़क हादसों में दो बच्चों सहित नौ लोगों की मौत, 12 अन्य घायल

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान धौलपुर, जालौर और दौसा जिलों में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो बच्चों सहित नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गये.

Rajasthan Road Accidents: राजस्थान में विभिन्न सड़क हादसों में दो बच्चों सहित नौ लोगों की मौत, 12 अन्य घायल
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: ANI)

जयपुर, 28 फरवरी : राजस्थान (Rajasthan) में पिछले 24 घंटों के दौरान धौलपुर, जालौर और दौसा जिलों में तीन अलग-अलग सड़क हादसों (Road Accidents) में दो बच्चों सहित नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गये. पुलिस ने बताया कि धौलपुर के सरमथुरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात कार और ट्रक की टक्कर में कार चालक और दो बच्चों की मौत हो गई तथा नौ अन्य लोग घायल हो गये. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में धनौली के रहने वाले लोग कार में सवार होकर कैलादेवी दर्शन के लिये जा रहे थे.

मृतकों की पहचान कार चालक देवेन्द्र (27) उज्ज्वल (आठ) और वैष्णवी (नौ) के रूप में की गई है. घायलों को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस बीच, जालौर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र में एक वैन और मोटरसाइकिल की टक्कर होने से तीन युवकों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार चार लोग सुंधमाता के दर्शन के बाद अपने गांव मांडवला जा रहे थे. मृतकों की पहचान जितेन्द्र कुमार मेघवाल (30), मदन कुमार मेघवाल (21), और महेन्द्र कुमार मेघवाल(22) के रूप में की गई है. यह भी पढ़ें : Vrindavan Kumbh: जब तक यमुना का पानी साफ नहीं होगा, ‘शाही स्नान’ में भाग नहीं लेंगे हिंदू संत

दौसा जिले में सदर थाना क्षेत्र के भंडाना गांव में एक अनियंत्रित कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई. टक्कर के बाद कार पेड़ से टकरा गई, जिससे कार सवार दो लोग घायल हो गये.

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कैलाश चंद बैरवा (45), नवलकिशोर बैरवा (30), संजय कुमार बैरवा (25) के रूप में की गई है. घायलों को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 28, 2021 12:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).