बिहार: नक्सल प्रभावित गया जिले में नक्सलीओं ने मचाया तांडव, सड़क निर्माण में लगी 3 जेसीबी और ट्रैक्टर को किया आग के हवाले
बिहार (Bihar) के नक्सल प्रभावित गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगी तीन जेसीबी मशीनें और एक ट्रैक्टर में आग लगा दी...
गया: बिहार (Bihar) के नक्सल प्रभावित गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगी तीन जेसीबी मशीनें और एक ट्रैक्टर में आग लगा दी. इस घटना में हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पुलिस के अनुसार, भोक्ताडीह और जयगीर के बीच में सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है.
जयगीर के समीप देर रात करीब 30 की संख्या में आए सशस्त्र नक्सलियों ने सड़क किनारे खड़ी तीन जेसीबी मशीनों और एक ट्रैक्टर में आग लगा दी. इस दौरान सभी नक्सली जिंदाबाद का नारा लगाते रहे और घटना को अंजाम देने के बाद चले गए.
यह भी पढ़ें; गढ़चिरौली के बाद बिहार में नक्सलियों ने किया मौत का तांडव, फूंके जेसीबी और ट्रैक्टर
इस दौरान नक्सलियों ने जेसीबी मशीन के चालक के साथ मारपीट भी की. पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना के पीछे लेवी (जबरन पैसा वसूली) बताई जा रही है.
गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है तथा नक्सलियों के खिलाफ छापामारी अभियान तेज कर दिया गया है. पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2019 11:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

