एजेंसी न्यूज

Chhattisgarh Naxalite Attack: नक्सलियों ने अपहृत पुलिस अधिकारी की हत्या की

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से अपहृत एक पुलिस अधिकारी की नक्सलियों ने हत्या कर दी है. पुलिस ने यह जानकारी दी.

Chhattisgarh Naxalite Attack: नक्सलियों ने अपहृत पुलिस अधिकारी की हत्या की
(पुलिस) प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: File Image)

बीजापुर, 24 अप्रैल : छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से अपहृत एक पुलिस अधिकारी की नक्सलियों ने हत्या कर दी है. पुलिस ने यह जानकारी दी. बीजापुर जिले (Bijapur District) के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि जिले के पालनार क्षेत्र से बुधवार को अगवा किए गए पुलिस उप निरीक्षक मुरली ताती की नक्सलियों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी तथा शव को सड़क किनारे फेंक दिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि नक्सलियों ने अपहृत पुलिस अधिकारी मुरली ताती की हत्या कर शव गंगालूर क्षेत्र के पुलशुम पारा में फेंक दिया है. जानकारी के बाद पुलिस दल को रवाना किया गया तथा शव को बरामद किया गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने शव के करीब एक पर्चा भी रखा था जिसमें ताती को जन अदालत में सजा दिए जाने की बात कही गई है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस महीने की 21 तारीख को नक्सलियों ने बीजापुर जिले के पालनार क्षेत्र से मुरली ताती का अपहरण कर लिया था. पालनार ताती का गृह ग्राम है. वह बस्तर जिले के जगदलपुर में तैनात थे. ताती के परिजनों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थे जिसकी वजह से पिछले दो माह से कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं हुए थे. यह भी पढ़ें : COVID-19 Spike: नहीं थम रही कोरोना की रफ्तार, एक दिन में 3,46,786 नए केस- 2,624 की मौत

राज्य के नक्सल प्रभावित बीजापुर और सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में इस महीने की तीन तारीख को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सुरक्षा बलों के 22 जवानों की मृत्यु हो गई थी तथा 31 अन्य जवान घायल हो गए थे. मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों ने सीआरपीएफ के आरक्षक राकेश्वर सिंह का अपहरण कर लिया था. बाद में सिंह को छोड़ दिया गया था.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 24, 2021 09:52 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).