Mumbai Rains Accident: मुंबई में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा, कुर्ला में दुकान पर गिरा विशालकाय पेड़; मलबे में दबकर 63 वर्षीय बुजुर्ग की मौत; CCTV में VIDEO कैद

Mमुंबई के कुर्ला वेस्ट इलाके में मूसलाधार बारिश के दौरान एक दुकान पर विशालकाय पेड़ गिर गया. इस हादसे में मलबे के नीचे दबने से 63 वर्षीय बुजुर्ग यूनुस कुंडावाला की मौत हो गई. एक हफ्ते के भीतर पेड़ गिरने से मौत का यह दूसरा मामला है.

Mumbai Rains Accident:  मुंबई में जारी मूसलाधार मानसून जनजीवन के लिए आफत बन चुका है. रविवार, 5 जुलाई 2026 को दोपहर में मुंबई के कुर्ला वेस्ट इलाके से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण एक पुराना पेड़ अचानक उखड़कर एक दुकान पर गिर गया. इस हादसे की चपेट में आने से 63 वर्षीय बुजुर्ग की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई. यह घटना वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

दुकान खोलने की तैयारी कर रहे थे बुजुर्ग

नागरिक निकाय (BMC) के अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा दोपहर लगभग 12.40 बजे कुर्ला वेस्ट के नौपाड़ा स्थित बीएमसी हिंदी स्कूल के पास हुआ. मृतक की पहचान बांद्रा निवासी यूनुस कुंडावाला (युनूस हकीमुद्दीन शेख) के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, उन्होंने हाल ही में यहां इलेक्ट्रिक एक्सेसरीज की एक दुकान किराए पर ली थी. वह अपनी दुकान खोलने की तैयारी के लिए वहां पहुंचे ही थे कि तभी अचानक यह हादसा हो गया. पेड़ गिरने की चपेट में आने से पास में खड़े कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं.  यह भी पढ़े:  Aamir Khan Wedding: मुंबई की बारिश में गिरा पेड़, आमिर खान की शादी में जा रहा अंबानी परिवार का काफिला कुछ देर के लिए रुका; देखें VIDEOS

कुर्ला में दुकान पर गिरा विशालकाय पेड़

स्थानीय लोगों ने निकाला बाहर, अस्पताल में मृत घोषित

हादसा होते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय निवासियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबे को हटाकर बुजुर्ग को बाहर निकाला. उन्हें आनन-फानन में पास के फौजीया अस्पताल (Fauzia Hospital) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, बेस्ट (BEST) के कर्मचारी और बीएमसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और गिरे हुए पेड़ को काटकर रास्ते को साफ किया.

एक हफ्ते में पेड़ गिरने से मौत की दूसरी घटना

मुंबई में इस मानसून सीजन के दौरान पेड़ गिरने से मौत का यह दूसरा मामला है, जिसने प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इसी हफ्ते 30 जून को चेंबूर इलाके में एक चलती स्कूल बस पर पीपल का भारी पेड़ गिर गया था, जिसमें 11 वर्षीय स्कूली छात्र विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई थी और चार अन्य बच्चे घायल हो गए थे. लगातार हो रहे इन हादसों से स्थानीय नागरिकों में बीएमसी की ट्री-ट्रिमिंग (पेड़ों की छंटाई) नीति को लेकर नाराजगी बढ़ रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि जड़ों के आसपास अत्यधिक कंक्रीटीकरण होने से पेड़ कमजोर हो जाते हैं.

मुंबई और आसपास के जिलों के लिए 'रेड अलर्ट'

मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है. सांताक्रूज वेधशाला में सुबह तक 227 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है. प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से नागरिकों को बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है.

Share Now