Mumbai Metro News: अंधेरी से आजाद नगर तक ट्रैक पर चलता रहा युवक, 17 मिनट तक बाधित रही मेट्रो सेवा

जानकारी के मुताबिक युवक अंधेरी मेट्रो स्टेशन से ट्रैक पर उतर गया और ट्रैक के सहारे आजाद नगर स्टेशन की ओर पैदल चलने लगा. स्टेशन कंट्रोलर की नजर उस पर पड़ते ही सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी गई. यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं. अधिकारियों की कार्रवाई के बाद शाम 3:59 बजे सेवाएं फिर से बहाल कर दी गईं.

Mumbai Metro News: मुंबई मेट्रो वन की सेवाएं बुधवार को उस समय प्रभावित हो गईं, जब एक 24 वर्षीय युवक अंधेरी मेट्रो स्टेशन पर ट्रैक पर उतर गया और करीब दो किलोमीटर तक पैदल चलते हुए आजाद नगर मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गया. इस घटना के चलते मेट्रो सेवाओं को एहतियातन 17 मिनट के लिए रोकना पड़ा. पुलिस के अनुसार आरोपी युवक वसई का रहने वाला है और घाटकोपर स्थित एक कपड़ों की दुकान में काम करता है. मामले में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है.

ट्रैक पर उतरकर पहुंचा आजाद नगर स्टेशन

जानकारी के मुताबिक युवक अंधेरी मेट्रो स्टेशन से ट्रैक पर उतर गया और ट्रैक के सहारे आजाद नगर स्टेशन की ओर पैदल चलने लगा. स्टेशन कंट्रोलर की नजर उस पर पड़ते ही सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी गई. यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं. अधिकारियों की कार्रवाई के बाद शाम 3:59 बजे सेवाएं फिर से बहाल कर दी गईं.

17 मिनट तक प्रभावित रही सेवा

मेट्रो प्रशासन के अनुसार ट्रैक पर अनधिकृत रूप से व्यक्ति के पहुंचने के कारण सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए. इसी वजह से मेट्रो संचालन लगभग 17 मिनट तक प्रभावित रहा. घटना के दौरान किसी यात्री के घायल होने या किसी अन्य नुकसान की सूचना नहीं है.

मेट्रो रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने युवक के खिलाफ मेट्रो रेलवे (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) अधिनियम, 2002 की धारा 64 और 67 के तहत मामला दर्ज किया है. ये धाराएं मेट्रो परिसर या ट्रैक पर अवैध प्रवेश करने तथा मेट्रो सेवाओं में बाधा पहुंचाने से संबंधित हैं.

भाई से विवाद के बाद था परेशान

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन युवक का अपने भाई के साथ विवाद हुआ था. पुलिस के मुताबिक झगड़े के दौरान उसके भाई ने उसके साथ मारपीट भी की थी. इसके बाद वह वसई से लोकल ट्रेन के जरिए अंधेरी पहुंचा और फिर मेट्रो स्टेशन में दाखिल हुआ.

शौचालय को लेकर नाराजगी की भी बात आई सामने

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में युवक ने स्पष्ट जवाब नहीं दिए. शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि वह अंधेरी मेट्रो स्टेशन पर शौचालय का इस्तेमाल करना चाहता था, लेकिन उसे संतोषजनक जानकारी नहीं मिली.

बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर वह ट्रैक पर उतर गया. हालांकि पुलिस का कहना है कि उसके इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

Share Now