Mumbai Metro Line 3: मुंबई मेट्रो का श्रद्धालुओं को तोहफा, 14 सितंबर से गणेशोत्सव के लिए सेवाएं आधी रात तक बढ़ीं
एक्वा लाइन शहर के प्रमुख धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करती है. यात्री सिद्धिविनायक मंदिर, दादर, वर्ली, महालक्ष्मी और गिरगांव जैसे प्रमुख गणेशोत्सव क्षेत्रों तक मेट्रो के माध्यम से आसानी से पहुंच सकते हैं.
Mumbai Metro Line 3: गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और आवाजाही को ध्यान में रखते हुए मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMRCL) ने एक्वा लाइन (मेट्रो लाइन 3) के परिचालन समय में बढ़ोतरी का निर्णय लिया है. यह विस्तारित मेट्रो सेवा 14 सितंबर से 25 सितंबर तक लागू रहेगी, जिससे देर रात तक पंडालों के दर्शन करने वाले लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी.
अंतिम ट्रेन के समय में बदलाव
सामान्य दिनों में मुंबई मेट्रो लाइन 3 के टर्मिनल स्टेशनों—कफ परेड और आरे जेवीएलआर—से अंतिम ट्रेन रात 10:30 बजे रवाना होती है.
त्योहार की अवधि के दौरान दोनों प्रमुख स्टेशनों से अंतिम ट्रेन की रवानगी का समय बढ़ाकर रात 12:00 बजे (आधी रात) कर दिया गया है.
प्रमुख पंडालों तक आसान पहुंच
समय में इस विस्तार का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सड़क यातायात और जाम में फंसे बिना सुरक्षित यात्रा विकल्प प्रदान करना है.
एक्वा लाइन शहर के प्रमुख धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करती है. यात्री सिद्धिविनायक मंदिर, दादर, वर्ली, महालक्ष्मी और गिरगांव जैसे प्रमुख गणेशोत्सव क्षेत्रों तक मेट्रो के माध्यम से आसानी से पहुंच सकते हैं.
गणेश प्रतिमा ले जाने के लिए दिशा-निर्देश
मेट्रो परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा बनाए रखने के लिए MMRCL ने विशेष दिशानिर्देश जारी किए हैं.
-
यात्री मेट्रो में अधिकतम 18 इंच (45 सेमी) ऊंचाई तक की गणेश प्रतिमाएं ले जा सकते हैं.
-
प्रतिमाएं ले जाने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा.
-
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान सुगम और सुरक्षित सफर के लिए मेट्रो सेवाओं का अधिकतम उपयोग करें.
पांच और स्टेशनों को मिला 'ग्रीन बिल्डिंग' प्रमाण पत्र
पर्यावरण अनुकूल पहल के तहत MMRCL ने एक और उपलब्धि हासिल की है. इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (IGBC) – कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) ने एक्वा लाइन के पांच अतिरिक्त स्टेशनों को 'ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन' प्रदान किया है.
जिन स्टेशनों को यह प्रमाण पत्र मिला है उनमें जगन्नाथ शंकरशेट मेट्रो (मुंबई सेंट्रल), महालक्ष्मी मेट्रो, साइंस सेंटर मेट्रो, आचार्य अत्रे चौक मेट्रो और वर्ली मेट्रो शामिल हैं.