Mumbai: पत्नी को 'सबक सिखाने' के लिए पिता ने 10 साल के बेटे को समुद्र में डुबोकर मार डाला; आरोपी गिरफ्तार
मुंबई के मढ़ इलाके में घरेलू विवाद के बाद एक 40 वर्षीय फोटोग्राफर ने अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने की नीयत से 10 साल के मासूम बेटे को मणोरी के समुद्र में डुबोकर मार डाला. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है.
- Read in
- English
मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra) की राजधानी मुंबई (Mumbai) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने घरेलू कलह के चलते अपनी पत्नी से बदला लेने के लिए अपने ही 10 वर्षीय बेटे को समुद्र में डुबोकर मार डाला. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी की पहचान बंटी कालिदास राव (40) के रूप में हुई है, जो पेशेवर रूप से जुहू बीच पर पर्यटकों की तस्वीरें खींचने का काम करता है. यह भी पढ़ें: Vasai Viral Video: वसई के सनसिटी में नाबालिग बच्चियों के सामने अश्लील हरकत; स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
पारिवारिक विवाद के बाद बेटे को लेकर हुआ था गायब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बंटी राव अपनी पत्नी, 18 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटे युवराज के साथ मढ़ इलाके में रहता था. पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था.
सोमवार (27 जुलाई) को फिर से हुए झगड़े के बाद गुस्से में आकर बंटी अपने बेटे युवराज को घर से लेकर निकल गया. जब दोनों काफी देर तक वापस नहीं लौटे और बंटी का फोन भी बंद आने लगा, तो चिंताग्रस्त पत्नी ने मालवाणी पुलिस स्टेशन पहुंचकर दोनों की गुमशुदगी (Missing Complaint) की शिकायत दर्ज कराई.
समुद्र तट से बरामद हुआ मासूम का शव
अगले दिन गोरई पुलिस को कोल्हेवेम बीच (Kolevem Beach) पर एक बच्चे का शव बहता हुआ मिला. पुलिस ने जब आसपास के पुलिस स्टेशनों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों की जांच की, तो मालवाणी थाने की रिपोर्ट से बच्चे की पहचान युवराज के रूप में हुई.
घटना की जांच आगे बढ़ते ही पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बंटी अपनी बहन के वर्सोवा स्थित घर में छिपा हुआ है. मालवाणी पुलिस ने उसे वहां से हिरासत में ले लिया.
पुलिस पूछताछ में कबूला जुर्म
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी बंटी राव ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसने पुलिस को बताया कि पत्नी से हुए विवाद के बाद वह अत्यधिक गुस्से में था और पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने व 'सबक सिखाने' के इरादे से उसने मासूम बेटे को मणोरी के समुद्र में डुबो दिया.
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश निवांतकर ने बताया कि आरोपी को मालवाणी पुलिस ने पकड़कर गोरई पुलिस को सौंप दिया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 31, 2026 12:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

