Mumbai Coastal Road Tunnel Fire: आग लगने की घटना के बाद BMC ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी, जानें क्या करें और क्या नहीं
BMC ने बताया कि घटना के बाद मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और मुंबई फायर ब्रिगेड के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी. साथ ही विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर मॉक ड्रिल भी कराई जाएगी, ताकि आपातकालीन स्थिति में बेहतर समन्वय हो सके और लोगों को सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया की जानकारी मिल सके.
Mumbai Coastal Road Tunnel Fire Safety Advisory: मुंबई के छत्रपति संभाजी महाराज मुंबई कोस्टल रोड (दक्षिण) टनल में 15 जुलाई को कार में आग लगने की घटना के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने वाहन चालकों के लिए नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है. BMC ने कहा कि इस एडवाइजरी का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में लोगों को सही तरीके से बाहर निकालना और घबराहट से बचाना है. घटना के दौरान कई वाहन चालक अपनी गाड़ियां छोड़कर टनल के बाहर की ओर दौड़ पड़े थे. इसके बाद BMC ने टनल में अतिरिक्त साइन बोर्ड लगाने और मॉक ड्रिल आयोजित करने का फैसला किया है.
आपातकाल में क्रॉस पैसेज का करें इस्तेमाल
BMC ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में वाहन चालक टनल के बाहर की ओर दौड़ने के बजाय सबसे नजदीकी क्रॉस पैसेज का उपयोग करें. 2.07 किलोमीटर लंबी इस टनल में हर 300 मीटर पर कुल 6 क्रॉस पैसेज बनाए गए हैं. इनमें 4 पैदल यात्रियों और 2 वाहनों के लिए हैं, जिनकी मदद से लोग समानांतर टनल में सुरक्षित पहुंच सकते हैं. BMC इन क्रॉस पैसेज के ऊपर रिफ्लेक्टिव बोर्ड भी लगाएगी, जिन पर तीन भाषाओं में निर्देश और आपातकालीन संपर्क नंबर लिखे होंगे.
BMC Issues Safety Advisory After Coastal Road Tunnel Car Fire
Mumbai Coastal Road Tunnel Fire
टनल में आपातकाल के दौरान क्या करें?
BMC ने वाहन चालकों के लिए ये महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं.
वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोककर तुरंत इंजन बंद करें.
चाबी वाहन के अंदर ही छोड़ दें और बिना देरी बाहर निकल जाएं.
टनल के अंदर यू-टर्न या रिवर्स करने की कोशिश न करें.
टनल में लगे इमरजेंसी टेलीफोन से कंट्रोल रूम से संपर्क करें.
घबराएं नहीं और पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PAS) से किए जा रहे निर्देशों का पालन करें.
यदि सुरक्षित हो तभी अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) का उपयोग करें.
टनल की दीवारों पर बने दिशा संकेतों का पालन करते हुए नजदीकी क्रॉस पैसेज तक पहुंचें.
पैनिक बार की मदद से क्रॉस पैसेज का दरवाजा खोलें और दूसरी टनल में चले जाएं.
टनल की दाईं ओर की दीवार के साथ चलते हुए बाहर निकलें.
कंट्रोल रूम, फायर ब्रिगेड और बचाव दल के निर्देशों का पालन करें.
BMC ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे घटना स्थल पर वापस न जाएं, अपना सामान निकालने की कोशिश न करें और बचाव कार्य में बाधा न डालें.
इमरजेंसी लेन खाली रखना जरूरी
BMC के अनुसार आग लगने की घटना के दौरान कई वाहन चालकों ने टनल के अंदर गाड़ियां रिवर्स करने और यू-टर्न लेने की कोशिश की, जिससे बचाव कार्य प्रभावित हुआ. टनल की तीसरी लेन केवल फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए आरक्षित है. इसलिए इस लेन को हर समय खाली रखना बेहद जरूरी है.
टनल में मौजूद हैं ये सुरक्षा सुविधाएं
मुंबई कोस्टल रोड टनल में कई आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं.
हर 100 मीटर पर इमरजेंसी टेलीफोन सिस्टम (ETS).
हर 300 मीटर पर क्रॉस पैसेज.
पूरे टनल में फायर एक्सटिंग्विशर.
पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PAS).
24x7 CCTV निगरानी.
24x7 कंट्रोल रूम मॉनिटरिंग.
प्रेशराइज्ड फायर हाइड्रेंट सिस्टम.
धुआं निकालने के लिए साकार्डो वेंटिलेशन सिस्टम.
लीनियर हीट डिटेक्शन सिस्टम.
आग की घटना के बाद BMC करेगी मॉक ड्रिल
BMC ने बताया कि घटना के बाद मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और मुंबई फायर ब्रिगेड के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी. साथ ही विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर मॉक ड्रिल भी कराई जाएगी, ताकि आपातकालीन स्थिति में बेहतर समन्वय हो सके और लोगों को सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया की जानकारी मिल सके.
आपातकालीन संपर्क नंबर
BMC Coastal Road Tunnel Control Room (24x7): 7738989116
Mumbai Fire Brigade: 101.