Modi Government 3.0: मोदी सरकार 3.0 का आज एक साल पूरा, BJP शासित प्रदेशों में पार्टी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिनाएगी विकास कार्य
केंद्र की मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल को आज 9 जून 2025 को एक साल पूरा हो गया है. मोदी सरकार के तीनों कार्यकालों को मिलाकर 11 साल पूरे हो चुके हैं, इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज दोपहर 12 बजे दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे
Modi Government 3.0: केंद्र की मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल को आज 9 जून 2025 को एक साल पूरा हो गया है. मोदी सरकार के तीनों कार्यकालों को मिलाकर 11 साल पूरे हो चुके हैं, इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज दोपहर 12 बजे दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, इसके साथ ही, विभिन्न राज्य और जिला स्तर के BJP मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, BJP शासित प्रदेशों में पार्टी प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मोदी सरकार के विकास कार्यों को जनता के सामने रखेगी.
9 जून 2024 को को केंद्र में तीसरी बार सरकार बनी थी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 9 जून 2024 को अपने तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी.उनके साथ मोदी सरकार 3.0 के 71 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की थी, जिनमें 60 मंत्री BJP और 11 अन्य दलों से थे। शपथ लेने वाले प्रमुख नेताओं में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी शामिल हैं.
सरकार के 11 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने किया था पोस्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के 11 साल पूरे होने पर रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि महिलाओं के लिए शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर 51 सेकंड का एक वीडियो साझा कर बताया कि पिछले 11 वर्षों में नारी शक्ति की सफलताएं देशवासियों के लिए गौरव का विषय हैं.
सरकार के तारीफ की लिखीं बातें
इस वीडियो में PM मोदी के 11 साल के कार्यकाल में महिलाओं के लिए शुरू की गई कई योजनाओं का जिक्र किया गया. उज्ज्वला योजना के तहत लाखों महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन प्रदान किए गए, जिससे उनकी सेहत और जीवनशैली में सुधार हुआ. 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' अभियान ने लैंगिक समानता और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा दिया. प्रधानमंत्री मुद्रा योजना ने महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आसान ऋण प्रदान कर आर्थिक सशक्तिकरण को प्रोत्साहित किया। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं के नाम पर मकान स्वामित्व ने उनकी सामाजिक सुरक्षा को मजबूत किया। इन योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक प्रगति में भी योगदान दिया.
माताओं-बहनों और बेटियों की तारीफ की
PM मोदी ने 'X' पर पोस्ट में लिखा, “हमारी माताओं-बहनों और बेटियों ने वो दौर भी देखा है, जब उन्हें कदम-कदम पर मुश्किलों का सामना करना पड़ता था. लेकिन आज वे ना सिर्फ विकसित भारत के संकल्प में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रही हैं, बल्कि शिक्षा और व्यवसाय से लेकर हर क्षेत्र में मिसाल कायम कर रही हैं. बीते 11 वर्षों में हमारी नारी शक्ति की सफलताएं देशवासियों को गौरवान्वित करने वाली हैं.
. स्वच्छ भारत का भी किया जिक्र
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, “पिछले 11 वर्षों में एनडीए सरकार ने महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को नए सिरे से परिभाषित किया है. स्वच्छ भारत के माध्यम से सम्मान सुनिश्चित करने से लेकर जन धन खातों के माध्यम से वित्तीय समावेशन तक, विभिन्न पहलों ने हमारी नारी शक्ति को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है. उज्ज्वला योजना ने कई घरों में धुआं रहित रसोई सुनिश्चित की. मुद्रा ऋणों ने लाखों महिला उद्यमियों को अपने सपनों को साकार करने में सक्षम बनाया.
(इनपुट एजेंसी के साथ )
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 09, 2025 07:30 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

