Mobile Ban in Ram Mandir: राम मंदिर में मोबाइल फोन पर बैन! भक्तों से अपील- क्लॉक रूम का करें इस्तेमाल
राम मंदिर ट्रस्ट ने मंदिर परिसर में मोबाइल फोन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है. ट्रस्ट ने सभी राम भक्तों से इस फैसले का सम्मान करने की अपील की है.
अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जा रहे भक्तों के लिए एक अहम जानकारी! राम मंदिर ट्रस्ट ने मंदिर परिसर में मोबाइल फोन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है. मंदिर के ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने बताया कि ये फैसला भक्तों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
ट्रस्ट ने सभी राम भक्तों से इस फैसले का सम्मान करने की अपील की है. उन्होंने भक्तों से राम मंदिर परिसर में मौजूद क्लॉक रूम की सुविधा का उपयोग करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया है.
ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने बताया, "ट्रस्ट ने ये फैसला भक्तों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया है. मंदिर परिसर में मोबाइल रखने की पूरी सुविधा है, हम किसी भी कीमती वस्तु को सुरक्षित रखने की पूरी व्यवस्था रखते हैं. सभी भक्तों को इन सुविधाओं का लाभ उठाना चाहिए और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए."
अयोध्या में राम जन्मभूमि पारंपरिक नगर शैली में बनाई गई है. प्रसिद्ध मूर्तिकार अरुण योगिराज द्वारा तैयार की गई 51 इंच ऊंची रामलला की मूर्ति 22 जनवरी को स्थापित की गई थी. इस अवसर पर पीएम मोदी ने पूजा-अर्चना की थी.
25 हजार भक्त एक साथ कर सकेंगे दर्शन
राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि मंदिर के चारों ओर 14 फीट चौड़ी प्राचीर बनाने की घोषणा की गई है. प्राचीर एक तरह की सुरक्षा दीवार है, जिसे जल्द ही बनाया जाएगा. उन्होंने बताया, मंदिर में छह और मंदिर बनाए जाएँगे, जिनमें भगवान भोलेनाथ से लेकर हनुमान जी तक के मंदिर होंगे. मंदिर बनने के बाद 25000 भक्त एक साथ दर्शन के लिए आ सकते हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on May 26, 2024 10:36 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

