Meerut Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है. हस्तिनापुर इलाके में एक स्कूल संचालक अतुल पंवार (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में सांप के काटने से मौत हो गई थी. पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी. अतुल की पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी और दो सपेरों के साथ मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया. पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे 20 लाख रुपये की बीमा राशि (इंश्योरेंस पॉलिसी) और अवैध संबंध मुख्य वजह थे. पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है.
कंबल के भीतर सांप मिलने से बढ़ा पुलिस का शक
यह घटना शुक्रवार सुबह सामने आई जब दामिनी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति को सांप ने काट लिया है. अतुल को तुरंत हस्तिनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद अतुल के बिस्तर से एक जहरीला सांप भी बरामद हुआ था. यह भी पढ़े: Chittoor: मन्नत मांगने के बहाने पति को मंदिर ले गई पत्नी, प्रेमी को शेयर की 'लाइव लोकेशन' और करवा दी हत्या
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय के मुताबिक, बिस्तर के अंदर और कंबल से ढके होने के बावजूद सांप के काटने की बात पुलिस के गले नहीं उतरी. परिस्थितियों को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की.
फोन रिकॉर्ड्स और नशीली दवाइयों से खुला राज
पुलिस ने जब तकनीकी निगरानी (टेक्निकल सर्विलांस) का सहारा लिया और दामिनी के फोन रिकॉर्ड्स खंगाले, तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. दामिनी लगातार अपने ही स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के संपर्क में थी. पुलिस की कड़ी पूछताछ में तुषार ने दामिनी के साथ अपने संबंधों की बात कबूल की और पूरी साजिश का पर्दाफाश किया.
तुषार ने बताया कि गुरुवार रात को दामिनी ने अतुल के दूध में भारी मात्रा में नींद की गोलियां मिला दी थीं. जब अतुल गहरी नींद में सो गया, तब सोनू और उदय नाम के दो सहयोगियों की मदद से एक जहरीले सांप को कमरे में लाकर कंबल के नीचे छोड़ दिया गया. सांप के काटने से अतुल की मौत हो गई. तुषार के फोन से उस डिब्बे की तस्वीरें भी मिली हैं, जिसमें सांप को खरीदकर लाया गया था.
₹20 लाख का इंश्योरेंस और हत्या की पुरानी कोशिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अतुल के नाम पर करीब 20 लाख रुपये की एक बीमा राशि थी. आरोपी पत्नी इस रकम को हड़पना चाहती थी. साजिश के तहत, हत्या में मदद करने के लिए सोनू और उदय को इस बीमा राशि से 5 लाख रुपये देने का वादा किया गया था. दामिनी का इरादा इंश्योरेंस के पैसे मिलने के बाद तुषार से शादी करने का था.
जांचकर्ताओं ने खुलासा किया कि तुषार ने करीब 20 दिन पहले भी अतुल को कार से टक्कर मारकर जान से मारने की कोशिश की थी. हालांकि, उस वक्त हेलमेट पहने होने के कारण अतुल की जान बच गई थी.
पुलिस की आगे की कार्रवाई
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए सांप को बरामद कर जांच के लिए भेज दिया है. एसएसपी मेरठ ने बताया कि इस मामले में शामिल सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है.













QuickLY