Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र में मानसून का कहर, 31 जिलों के लिए IMD का अलर्ट जारी, मुंबई में 24 घंटे में गिरीं 113 पेड़ की शाखाएं
भारी बारिश और तेज हवाओं का असर मुंबई में भी देखने को मिला. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में शहर में पेड़ और शाखाएं गिरने की कुल 113 घटनाएं दर्ज की गईं. इनमें 40 घटनाएं मुंबई शहर, 23 पूर्वी उपनगर और 50 पश्चिमी उपनगरों में हुईं.
Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र में मानसून ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को राज्य के 31 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें 25 जिलों में येलो अलर्ट और छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है.
इस बीच, भारी बारिश और तेज हवाओं का असर मुंबई में भी देखने को मिला. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में शहर में पेड़ और शाखाएं गिरने की कुल 113 घटनाएं दर्ज की गईं. इनमें 40 घटनाएं मुंबई शहर, 23 पूर्वी उपनगर और 50 पश्चिमी उपनगरों में हुईं.
दक्षिण-पश्चिम मानसून अब महाराष्ट्र के सभी हिस्सों में सक्रिय हो चुका है. मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में पिछले दो दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है. इसके साथ ही राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई है.
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
आईएमडी ने ठाणे, मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, अहिल्यानगर, कोल्हापुर, सांगली, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड़, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा और वाशिम जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
इन छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट
पुणे, यवतमाल, लातूर, धाराशिव, चंद्रपुर और सतारा जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.
तीन मौसम प्रणालियों के असर से बढ़ी बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, महाराष्ट्र में अचानक बढ़ी बारिश किसी एक मौसम प्रणाली का परिणाम नहीं है. तीन अलग-अलग वायुमंडलीय प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में मानसून काफी सक्रिय हो गया है. इसी वजह से राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी है.
तापमान में भी आएगी गिरावट
आईएमडी के अनुसार, अगले दो दिनों में महाराष्ट्र के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. वहीं न्यूनतम तापमान भी अगले चार से पांच दिनों के दौरान धीरे-धीरे कम होने की संभावना है.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में भी महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना रहेगा. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर रखने, जलभराव वाले इलाकों से बचने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 25, 2026 10:54 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

