देश

पीएम मोदी कल महाराष्ट्र के दौरे पर, पुणे में कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 मार्च को पुणे के एक दिवसीय दौरे पर जाएंगे. इस दौरान वह पुणे मेट्रो रेल परियोजना और छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के अलावा विभिन्न बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.

पीएम मोदी कल महाराष्ट्र के दौरे पर, पुणे में कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन
पीएम मोदी (Photo Credits ANI)

नई दिल्ली:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi)  6 मार्च को पुणे के एक दिवसीय दौरे पर जाएंगे. इस दौरान वह पुणे मेट्रो रेल परियोजना और छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के अलावा विभिन्न बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. यह भी पढ़े: Atal Tunnel: हिमाचल प्रदेश के रोहतांग में पीएम मोदी ने किया अटल सुरंग का उद्घाटन, जानें दुनिया के सबसे लंबे हाइवे टनल की खासियत

छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

प्रधानमंत्री कार्यालय ने शनिवार को बताया कि प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे पुणे नगर निगम परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. यह मूर्ति 1850 किलोग्राम गन मेटल से बनी है और लगभग 9.5 फुट ऊंची है.

पुणे मेट्रो रेल परियोजना का भी करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री सुबह करीब साढ़े 11 बजे पुणे मेट्रो रेल परियोजना का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना पुणे में शहरी गतिशीलता के लिए विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा प्रदान करने का एक प्रयास है। परियोजना की आधारशिला भी 24 दिसंबर 2016 को प्रधानमंत्री द्वारा रखी गई थी। प्रधानमंत्री कुल 32.2 किमी पुणे मेट्रो रेल परियोजना के 12 किमी खंड का उद्घाटन करेंगे। पूरी परियोजना 11,400 करोड़ रुपए से अधिक की कुल लागत से बनाई जा रही है.वह गरवारे मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शनी का उद्घाटन और निरीक्षण भी करेंगे और वहां से आनंदनगर मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो की सवारी करेंगे.

कई विकास परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला

दोपहर करीब 12 बजे प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे। वह मुला-मुथा नदी परियोजनाओं के कायाकल्प और प्रदूषण उपशमन की आधारशिला भी रखेंगे। 1080 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना लागत से नदी के नौ किलोमीटर खंड में कायाकल्प किया जाएगा. इसमें नदी किनारे संरक्षण, इंटरसेप्टर सीवेज नेटवर्क, सार्वजनिक सुविधाएं, नौका विहार गतिविधि आदि जैसे कार्य शामिल होंगे. मुला-मुथा नदी प्रदूषण उपशमन परियोजना को 1470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से “एक शहर एक ऑपरेटर” की अवधारणा पर लागू किया जाएगा। परियोजना के तहत कुल 11 सीवेज उपचार संयंत्रों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी कुल क्षमता लगभग 400 एमएलडी होगी। प्रधानमंत्री बनेर में निर्मित 100 ई-बसों और ई-बस डिपो का भी शुभारंभ करेंगे.

आर.के. लक्ष्मण आर्ट गैलरी-संग्रहालय का भी करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री पुणे के बालेवाड़ी में निर्मित आर.के. लक्ष्मण आर्ट गैलरी-संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे. संग्रहालय का मुख्य आकर्षण मालगुडी गांव पर आधारित एक लघु मॉडल है जिसे श्रव्य-दृश्य प्रभावों के माध्यम से जीवंत बनाया जाएगा. कार्टूनिस्ट आर के लक्ष्मण द्वारा बनाए गए कार्टूनों को संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा. इसके बाद दोपहर करीब 1:45 बजे प्रधानमंत्री सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी के स्वर्ण जयंती समारोह की शुरुआत करेंगे.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 05, 2022 07:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).