एजेंसी न्यूज

Maharashtra: महाराष्ट्र में MSRTC की बस ने 7 वाहनों को मारी टक्कर, दो की मौत

महाराष्ट्र के नासिक जिले में बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की एक बस ने सात वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई.

Maharashtra: महाराष्ट्र में MSRTC की बस ने 7 वाहनों को मारी टक्कर, दो की मौत
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo: File Photo)

नासिक, 8 दिसंबर: महाराष्ट्र के नासिक जिले में बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की एक बस ने सात वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना नासिक-पुणे राजमार्ग पर पलसे गांव के पास सुबह करीब 11.45 बजे हुई. नोएडा में वाहन चोरों को किया गिरफ्तार : हाई-स्पीड स्पोर्ट्स बाइक चुराने वाले 2 गिरफ्तार, 8 बाइक बरामद

उन्होंने कहा कि पुणें में राजगुरुनगर से नासिक जा रही एमएसआरटीसी की एक बस का ब्रेक फेल हो गया और उसने सिन्नर से आ रही एमएसआरटीसी की एक अन्य बस से टकराने से पहले चार मोटरसाइकिलों और दो एसयूवी को टक्कर मार दी.

अधिकारी ने कहा, “दो मोटरसाइकिल सवार दो बसों के बीच फंस गए और उनकी बाइक में आग लगने से उनकी मौत हो गई. एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. राजगुरुनगर से आ रही बस में भी आग लग गई.”

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने जलती बस की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और 43 यात्रियों को बचा लिया.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि नासिक रोड दमकल केंद्र से दमकल की दो गाड़ियां और शिंगदा तलाव दमकल केंद्र से एक बचाव वैन घटना स्थल पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया.

उन्होंने कहा कि आग लगने वाली बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं है और नासिक नगर निगम के बाइटको अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.

दो मृतकों के नाम अभी पता नहीं चल पाए हैं. 

अधिकारी ने कहा, “ऐसा लगता है कि राजगुरुनगर से आ रही बस के ब्रेक फेल हो गए, लेकिन अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है. दुर्घटना और भीड़ के कारण राजमार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया.”

आठ अक्टूबर को नासिक जिले में नासिक-औरंगाबाद राजमार्ग पर एक ट्रक से टक्कर के बाद एक निजी बस में आग लगने से 13 लोगों की मौत हो गई थी और 35 घायल हो गए थे.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 08, 2022 05:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).