मारपीट तक पहुंचा भाषा विवाद, महाराष्ट्र और कर्नाटक ने रोकीं बस सेवाएं
महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच एक बार फिर भाषा विवाद भड़क उठा है. दोनों राज्यों ने एक-दूसरे के लिए बस सेवाएं रोक दी हैं. शुक्रवार को बेलगावी में कर्नाटक राज्य परिवहन निगम (KSRTC) के बस कंडक्टर महादेव हुक्केरी पर हमला हुआ.
मुंबई: महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच एक बार फिर भाषा विवाद भड़क उठा है. दोनों राज्यों ने एक-दूसरे के लिए बस सेवाएं रोक दी हैं. शुक्रवार को बेलगावी में कर्नाटक राज्य परिवहन निगम (KSRTC) के बस कंडक्टर महादेव हुक्केरी पर हमला हुआ. उन्होंने बताया कि मराठी न आने पर उन्होंने कन्नड़ में बात करने को कहा, तो दो छात्रों के साथ उनकी बहस हो गई. जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई.
यह मामला तब और बढ़ गया जब कर्नाटक के चित्रदुर्ग में महाराष्ट्र के एक बस ड्राइवर पर हमला हुआ और उसका चेहरा काला कर दिया गया. इसके जवाब में शिवसेना (UBT) के कार्यकर्ताओं ने कोल्हापुर में एक कर्नाटक बस पर काला रंग डाल दिया.
दोनों राज्यों ने रोकी बस सेवाएं
इस विवाद के बाद कर्नाटक ने बेलगावी से महाराष्ट्र के लिए बस संचालन रोक दिया है, और कोगनोली चेकपॉइंट पर अपनी सीमा तक ही सेवाएं चला रहा है, वहीं महाराष्ट्र ने कर्नाटक के लिए सेवाएं बंद कर दी हैं, और अपने संचालन को दोनों राज्यों के बीच सीमा क्षेत्र कागल तालुक तक सीमित कर दिया है.
महाराष्ट्र सरकार ने कर्नाटक में अपनी राज्य परिवहन (MSRTC) बस पर हुए हमले के बाद कर्नाटक के लिए बस सेवाओं को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया है. महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सर्णाइक ने शनिवार को इसकी पुष्टि की. शुक्रवार रात कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में महाराष्ट्र स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (MSRTC) की एक बस पर हमला हुआ. यह बस बेंगलुरु से मुंबई जा रही थी, जब कुछ कन्नड़ समर्थक प्रदर्शनकारियों ने इसे निशाना बनाया. हमलावरों ने न केवल बस पर हमला किया, बल्कि ड्राइवर भास्कर जाधव का चेहरा काला कर दिया और उनके साथ मारपीट भी की.
घटना के बाद महाराष्ट्र सरकार ने कर्नाटक सरकार से इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा है. परिवहन मंत्री प्रताप सर्णाइक ने कहा कि जब तक कर्नाटक सरकार इस हमले पर अपना रुख स्पष्ट नहीं करती और उचित सुरक्षा मुहैया नहीं कराती, तब तक महाराष्ट्र की बसें कर्नाटक के लिए नहीं चलेंगी.
मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा, “हमने कर्नाटक की सभी सरकारी बस सेवाएं बंद कर दी हैं… अगर हमारे लोगों को कर्नाटक में कन्नड़ न आने के कारण पीटा जाता है तो हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे.”
यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता
MSRTC के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) अभिजीत भोसले ने कहा, "मंत्री प्रताप सर्णाइक के निर्देशानुसार, कोल्हापुर से कर्नाटक जाने वाली सभी एसटी बस सेवाओं को अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दिया गया है. यह फैसला महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है."
महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच भाषा और सीमा को लेकर विवाद कोई नई बात नहीं है. बेलगावी क्षेत्र को लेकर लंबे समय से दोनों राज्यों के बीच राजनीतिक खींचतान चल रही है. हाल के वर्षों में इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है, जहां मराठी और कन्नड़ भाषी गुट आमने-सामने आ जाते हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 22, 2025 10:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

