महाराष्ट्र सरकार की बड़ी पहल, मुंबई के कूपर और ट्रॉमा केयर अस्पताल में 790 पदों पर होगी भर्ती, स्वास्थ्य सेवाओं में होगा सुधार

जोगेश्वरी स्थित ट्रॉमा केयर अस्पताल में आयोजित बैठक के दौरान क्षेत्रीय समस्याओं और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर चर्चा की गई. विभाग ने कूपर और ट्रॉमा अस्पताल की कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए एक नया स्टाफिंग पैटर्न तैयार किया है.

बीएचएमसी (BMC) के कूपर अस्पताल और हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे ट्रॉमा केयर अस्पताल में डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की कमी को जल्द दूर किया जाएगा. मुंबई उत्तर-पश्चिम के सांसद रवींद्र वायकर की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के दौरान उप नगर आयुक्त (स्वास्थ्य) शरद उघाड़े ने आश्वासन दिया कि दोनों अस्पतालों में 790 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी. इस कदम से मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा.

कूपर और ट्रॉमा अस्पताल में बढ़ेंगी सुविधाएं

जोगेश्वरी स्थित ट्रॉमा केयर अस्पताल में आयोजित बैठक के दौरान क्षेत्रीय समस्याओं और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर चर्चा की गई. विभाग ने कूपर और ट्रॉमा अस्पताल की कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए एक नया स्टाफिंग पैटर्न तैयार किया है. इसके तहत 790 अतिरिक्त पदों को मंजूरी देकर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी.  यह भी पढ़े:   AIIMS NORCET 11 Admit Card 2026: एम्स ने जारी किया नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा का एडमिट कार्ड; 12 सितंबर को होगा एग्जाम, ऐसे करें हॉल टिकट डाउनलोड

इसके अतिरिक्त, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों की सुविधा के लिए बीएमसी के 50 अस्पतालों में जेनेरिक दवाओं के केंद्र खोले जाएंगे. कूपर अस्पताल में जेनेरिक दवा केंद्र का काम पूरा हो चुका है, जबकि ट्रॉमा अस्पताल में यह सुविधा जल्द शुरू होगी.

आईसीयू बेड की संख्या बढ़कर होगी 100

सांसद रवींद्र वायकर ने ट्रॉमा अस्पताल में मौजूदा 10 आईसीयू बेड की संख्या को अपर्याप्त बताते हुए इसे बढ़ाकर 100 करने के निर्देश दिए. प्रशासन ने इस प्रस्ताव पर विचार कर जल्द निर्णय लेने का आश्वासन दिया है. इसके अलावा, ट्रॉमा अस्पताल में फिजिओथेरेपी विभाग, बाल चिकित्सा सर्जरी (Pediatric Surgery) और नवजात गहन देखभाल इकाई (NICU) जैसी सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी.

ओशिवारा में 150 बेड का प्रसूति गृह दिसंबर 2026 तक होगा तैयार

बैठक में क्षेत्र के अन्य स्वास्थ्य प्रोजेक्ट्स की समीक्षा भी की गई. शरद उघाड़े ने बताया कि ओशिवारा में 150 बेड वाले प्रसूति गृह का निर्माण कार्य जारी है, जो दिसंबर 2026 तक पूरा हो जाएगा. इसके साथ ही स्कॉट्स कॉलोनी में प्रस्तावित प्रसूति गृह का डिजाइन तैयार कर लिया गया है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी.

कर्मचारियों के हित और प्रशासनिक सुधार पर ध्यान

संविदा कर्मचारियों (Contractual Staff) की अधिकतम आयु सीमा को 38 वर्ष से बढ़ाकर 43 वर्ष करने पर नीतिगत फैसला लिया जाएगा. इसके अलावा, जिन ठेकेदारों ने कर्मचारियों का पीएफ (Provident Fund) जमा नहीं किया है, उन्हें ब्लैकलिस्ट करने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

अस्पतालों की निगरानी और गुणवत्ता सुधार के लिए 11 सदस्यीय विशेष समिति गठित करने का सुझाव दिया गया है. कूपर अस्पताल के बाहर मरीजों के परिजनों के लिए सांसद निधि से सार्वजनिक शौचालय का निर्माण भी कराया जाएगा.

Share Now