Maharashtra Bus Theft: महाराष्ट्र में बस में बुजुर्ग महिला के गहने और नकदी चोरी, चार महिलाएं गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान पता चला कि वारदात को अंजाम देने के बाद सभी चारों आरोपी महिलाएं बस से उतरकर एक ऑटो में बैठकर वहां से फरार होने की कोशिश कर रही थीं.

Maharashtra Bus Theft:  महाराष्ट्र के वाशिम जिले में राज्य परिवहन (ST) की बस में सफर कर रही एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाने वाली चार शातिर महिला चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने बस के सफर के दौरान बुजुर्ग महिला के बैग से लगभग 1.78 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने और नकदी चुरा ली थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों महिलाओं को पकड़ लिया और उनके पास से सारा चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है.

इस तरह दिया गया वारदात को अंजाम

यह घटना उस समय हुई जब बुजुर्ग महिला चंद्रकला बोडखे एसटी बस से यात्रा कर रही थीं. यात्रा के दौरान शातिर महिलाओं ने भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए बुजुर्ग महिला के बैग पर हाथ साफ कर दिया.

बदमाश महिलाओं ने बैग से डेढ़ लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण और 28 हजार रुपये नकद से भरी थैली चुरा ली. जब बस में सफर कर रहे अन्य यात्रियों को उन महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ और बुजुर्ग महिला ने अपना बैग चेक किया, तो उनके होश उड़ गए. बैग से कीमती सामान गायब मिलने पर पीड़िता ने रोते हुए मदद के लिए पुकार लगाई.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान पता चला कि वारदात को अंजाम देने के बाद सभी चारों आरोपी महिलाएं बस से उतरकर एक ऑटो में बैठकर वहां से फरार होने की कोशिश कर रही थीं.

पुलिस ने बिना देर किए उनका पीछा किया और चारों को धर दबोचा. तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के गहने और पूरे 28,000 रुपये नकद सकुशल बरामद कर लिए. इसके बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए बरामद किए गए सभी कीमती सामान और नकदी बुजुर्ग महिला को वापस सौंप दिए गए. इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन में विशेषकर बुजुर्ग यात्रियों की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

Share Now